6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुख्यमंत्री गहलोत के गृह जिले से ओबीसी एजेंडे को धार देंगे गृहमंत्री अमित शाह

- भाजपा ओबीसी मोर्चा की चुनावी राज्य में 9 और 10 सिंतबर को होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक - ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण ने पत्रिका से कहा-पिछड़ों के बीच चलेगा महाअभियान

2 min read
Google source verification
मुख्यमंत्री गहलोत के गृह जिले से ओबीसी एजेंडे को धार देंगे गृहमंत्री अमित शाह

मुख्यमंत्री गहलोत के गृह जिले से ओबीसी एजेंडे को धार देंगे गृहमंत्री अमित शाह

नवनीत मिश्र

भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर से ही ओबीसी एजेंडे को धार देने की तैयारी की है। पार्टी ने चुनावी राज्य में एक खास रणनीति के तहत ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी आयोजित करने का निर्णय लिया है। 9 सितंबर से होने जा रही दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन समारोह को गृहमंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे, वहीं पहले दिन बैठक का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य भूपेंद्र यादव और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह करेंगे।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद के लक्ष्मण ने पत्रिका को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इस दो दिवसीय बैठक में ओबीसी मोर्चा की आगामी रणनीति तय होगी। छह माह के लिए एक्शन प्लान भी तैयार होगा। पिछड़ों के बीच जाने के लिए महाअभियान चलेगा। केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में ओबीसी के हित में लिए गए निर्णयों से जनता को अवगत कराया जाएगा।

जोधपुर को ही मीटिंग के लिए क्यों चुना

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद ओबीसी समुदाय से आते हैं और उनका गृह जनपद भी जोधपुर है। ऐसे में भाजपा ने मुख्यमंत्री के गृह जनपद में ही ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी आयोजित कर एक खास संदेश और चुनौती देने की कोशिश की है।

राजस्थान में ओबीसी तय करते हैं जीत-हार

राजस्थान में 52 प्रतिशत से अधिक ओबीसी आबादी है। यह वर्ग किसी भी पार्टी की हार-जीत तय करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में पार्टी ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक राजस्थान में शिफ्ट कर माहौल बनाने की कोशिश की है। मोदी सरकार में 61 प्रतिशत ओबीसी मंत्री हैं। ओबीसी आयोग को केंद्र सरकार संवैधानिक दर्जा दे चुकी है। ओबीसी वर्ग से जुड़े ऐसे तमाम निर्णयों के बारे में मोर्चा समुदाय को बताएगा।