
Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी अपने चरम की ओर है। भयंकर शीतलहर और गलन से लोग कांप रहे हैं। गांवों में ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया जा रहा है। ठंडी हवाओं की वजह से धूप भी बेअसर साबित हो रही है। बात अगर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर की करें तो यहां लोगों की मुश्किलें अभी कम होती नहीं दिखाई दे रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अब सर्दी अपना असली रूप दिखाएगी।
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के लिए ठंड और कोहरे के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में पूरब और पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के समागम से तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। वहीं चार और पांच जनवरी के बीच एक्टिव हो रहे एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ 6 जनवरी तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तामपान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह की मानें तो दिल्ली में अभी ठंड और विकराल रूप धारण करेगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और ठंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर बात अगर एनसीआर की करें तो शनिवार को दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में 6 जनवरी को बारिश की भी संभावना है। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड का कहर और बढ़ जाएगा।
मौसम विभाग का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इसके चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का सितम बढ़ गया है। वहीं चार और पांच जनवरी के बीच एक्टिव हो रहे एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की भी संभावना है। इसके बाद मैदानी इलाकों में सर्दी और बढ़ जाएगी। दिन के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 10 जनवरी तक ठंड से निजात मिलने की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने पंजाब के तरनतारन, गुरदासपुर, जालंधर और अमृतसर में भी अत्यधिक ठंड के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि हरियाणा के कुछ जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा एनसीआर के गाजियाबाद में भी ठंड के हालात अभी सुधरने वाले नहीं हैं। गाजियाबाद में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा से चल रही है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 371 दर्ज किया गया। इसके साथ ही CPCB ने अगले तीन दिन यही स्थिति रहने की संभावना जताई है। CPCB का कहना है कि मौसम विभाग ने रात के समय स्मॉग के साथ घने से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसके चलते हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी। शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार पहुंच गया। इसके चलते लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी सांस के मरीजों के साथ बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है।
CPCB की मानें तो दिल्ली में शुक्रवार को सुबह से ही कोहरा और स्मॉग छाया रहा। इस दौरान दिन में निकली हल्की धूप भी बेसअर रही। इसके चलते विवेक विहार, ओखला, नेहरू नगर, जहांगीरपुरी सहित 12 इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी रहा। साथ ही, चांदनी चौक व द्वारका सहित 17 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। वहीं भारतीय उष्णदेशीय मौसम विभाग संस्थान (IITM) की मानें तो दिल्ली में उत्तर पश्चिम की दिशा से चल रही हवाओं की रफ्तार शुक्रवार को 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही। जबकि शुक्रवार शाम को हवा छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। इससे प्रदूषक कण और सघन हो गए।
CPCB की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में 334, नोएडा में 332, गाजियाबाद में 309, गुरुग्राम में 292, फरीदाबाद में 268 एक्यूआई दर्ज किया गया। जबकि दिल्ली में 371, विवेक विहार में 437, ओखला फेज-2 में 428, नेहरू विहार में 427, जहांगीरपुरी में 419 और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 408 एक्यूआई दर्ज किया गया।
संबंधित विषय:
Updated on:
04 Jan 2025 07:58 am
Published on:
03 Jan 2025 10:20 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
मौसम समाचार
