
बीजेपी ने प्रवेश वाही को बनाया मेयर उम्मीदवार
MCD Mayor Election:दिल्ली नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी ने गुरुवार को अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने रोहिणी-ई वार्ड से पार्षद और अनुभवी नेता प्रवेश वाही पर मेयर पद के लिए भरोसा जताया है। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका पंत को उम्मीदवार बनाया गया है। आम आदमी पार्टी द्वारा इस बार मेयर पद के लिए प्रत्याशी न उतारने के फैसले के बाद बीजेपी का मेयर बनना अब तय माना जा रहा है।
आपको बता दें कि 59 साल के प्रवेश वाही वर्तमान में एमसीडी सदन में 'नेता सदन' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने 1984 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज से स्नातक (BA) किया है। निगम की कार्यप्रणाली में लंबे अनुभव और प्रशासनिक पकड़ के कारण पार्टी ने उन्हें मेयर जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए चुना है।
सदन में बहुमत हासिल करने के लिए 137 वोटों की जरूरत है। इस चुनाव में कुल 273 वोट डाले जाएंगे, जिनमें 249 पार्षद, 10 सांसद और 14 मनोनीत विधायक शामिल हैं। आंकड़ों के हिसाब से बीजेपी सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, क्योंकि उसके पास 123 पार्षद हैं और सांसदों व विधायकों के वोट भी उसे मिलने की संभावना है। वहीं आम आदमी पार्टी के पास 100 पार्षद हैं, लेकिन उसने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। इसके अलावा इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 15 और कांग्रेस के 9 पार्षद हैं।
मेयर और डिप्टी मेयर पदों के अलावा बीजेपी ने संगठनात्मक स्तर पर भी अहम जिम्मेदारियां तय की हैं। पार्टी ने जय भगवान यादव को स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) का सदस्य बनाने के साथ-साथ सदन के नेता की दोहरी जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं मनीष चड्ढा को भी स्थायी समिति का सदस्य नामित किया गया है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी की तरफ से शालीमार बाग के पार्षद जलज कुमार चौधरी ने स्थायी समिति के सदस्य पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है।
मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान 29 अप्रैल को होगा। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि वे बीजेपी को काम करने का मौका दे रहे हैं ताकि जनता उनकी कार्यशैली देख सके। हालांकि, जानकारों का मानना है कि 'आप' के इस कदम ने बीजेपी के लिए सत्ता की राह बिल्कुल आसान कर दी है
Published on:
23 Apr 2026 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
