
दिल्ली मर्डर केस में आरोपी राहुल मीणा का कबूलनामा
Delhi IRS Case Interrogation: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में आरोपी राहुल मीणा ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि हत्या और रेप के बाद आरोपी ने लूटपाट के लिए मृतका के फिंगरप्रिंट्स का इस्तेमाल कर तिजोरी खोलने का प्रयास किया था।
आपको बता दें कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घर में मौजूद तिजोरी (लॉकर) बायोमेट्रिक सिस्टम से लैस थी। राहुल ने कबूल किया कि जब युवती बेसुध हो गई, तो वह उसे छत पर बने स्टडी रूम से घसीटते हुए नीचे की मंजिल पर स्थित उस कमरे में लाया जहां लॉकर रखा था। उसने युवती की खून से सनी उंगलियों को सेंसर पर लगाया ताकि लॉकर खुल सके, लेकिन वह नाकाम रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि या तो रक्त के जमाव के कारण या शरीर में हलचल बंद होने की वजह से बायोमेट्रिक सिस्टम ने फिंगरप्रिंट रीड नहीं किए। हार मानकर आरोपी ने पेचकस से लॉकर तोड़ा और गहने व नकदी लूट ली।
इमारत में चार स्तर की कड़ी सुरक्षा होने के बावजूद राहुल बड़ी आसानी से घर के अंदर दाखिल हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसे परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी और वह जानता था कि माता-पिता सुबह जिम जाते हैं, जबकि बेटी घर में अकेली रहती है। पूर्व कर्मचारी होने के कारण उसे घर के डिजिटल लॉक का पासकोड भी पता था और यह भी मालूम था कि अतिरिक्त चाबी कहां छिपाकर रखी जाती है। इतना ही नहीं, वह घर के कोने-कोने और पूरे लेआउट से अच्छी तरह वाकिफ था, जिसका फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार सुबह करीब 6:28 बजे राहुल पीले रंग की शर्ट और काली पैंट पहनकर परिसर में घुसा। वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में गया जहां युवती पढ़ाई कर रही थी। आरोपी ने उसे दबोचने की कोशिश की, लेकिन युवती ने बहादुरी से मुकाबला किया। संघर्ष के दौरान राहुल ने पास रखे लैंप और किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। पुलिस को आशंका है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया गया।
वारदात के बाद आरोपी ने देखा कि उसकी पैंट और जूतों पर खून के धब्बे लग गए हैं। उसने शातिर तरीके से घर के अंदर ही मृतका के भाई के कपड़े और चप्पलें पहनीं और सुबह 7:22 बजे एक काले बैग के साथ बाहर निकल गया। जब सुबह 8 बजे माता-पिता लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को निर्वस्त्र और खून से लथपथ हालत में पाया।
पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या, रेप और लूटपाट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि यौन हमले की पुष्टि की जा सके।
Published on:
23 Apr 2026 12:11 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
