
photo patrika
Mustafabad newlywed suicide: हाल ही में चर्चा में आए ट्विशा शर्मा का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है, इसी बीच देश की राजधानी दिल्ली से एक और दिल दहला देने वाला दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आ गया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक 25 साल की नवविवाहिता ने अपने घर की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिवार ने उसके पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज के लिए तंग करने के साथ ही प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना सोमवार की है। महिला के चौथी मंजिल से गिरते ही आसपास का माहौल पूरी तरह गरमा गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मृतका ने करीब तीन महीने पहले ही अपनी मर्जी से लव मैरिज की थी। खुशियों से भरे इस रिश्ते को कुछ ही दिन हुए थे कि दहेज और पैसों के लालच ने महिला को मौत के घाट उतरने पर मजबूर कर दिया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के कुछ ही दिन बाद ही ससुराल वालों का असली रंग सामने आने लगा।
मायके वालों ने सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही दामाद और बाकी रिश्तेदार लगातार सोने की रकम और नकदी की डिमांड कर रहे थे। इन डिमांड को पूरा नहीं करने की वजह से बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया था। परिजनों का दावा है कि ससुराल वालों के रोज के तानों और उत्पीड़न से तंग आकर बेटी गहरे तनाव में चली गई थी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं ताकि मौत की असली वजह और हालातों का साफ पता चल सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से देश के कईं राज्यों से दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध स्थिति में मौत के अनगिनत मामले सामने आए हैं, इन मामलों ने सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आज के दौर में भी समाज में दहेज को किसी की जान से ज्यादा मायने रखा जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में भी एक 24 वर्षीय महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत के मामले में पुलिस ने पति और ससुर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा, ट्विशा शर्मा की मौत की गुत्थी भी अब तक अनसुलझी सी ही हैं, जहां माता-पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ से भी दहेज के लिए प्रताड़ना का एक मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।
Published on:
26 May 2026 07:50 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
