
दिल्ली में प्रेमी की शादी रोकने के लिए पड़ोसन पर फेंका तेजाब (Photo: IANS/File)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 26 वर्षीय महिला ने अपनी 21 वर्षीय पड़ोसन पर सिर्फ इसलिए तेजाब फेंक दिया क्योंकि उसकी शादी उस शख्स से होने वाली थी, जिससे आरोपी महिला प्रेम करती थी। पुलिस ने बताया कि यह हमला मंगलवार दोपहर को हुआ। पीड़िता की शादी 19 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन इस हमले ने खुशियों वाले घर में मातम फैला दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शादी आने वाली 19 अप्रैल को तय हुई थी। आरोपी महिला और पीड़िता का परिवार सालों से एक-दूसरे को जानते थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी महिला पीड़िता के घर पहुंची, परिवार के साथ नाश्ता किया और काफी समय बिताया। दोपहर करीब 12 बजे वह दोबारा आई और पीड़िता से अपने हाथों पर मेहंदी लगाने को कहा। जब पीड़िता मेहंदी लगा रही थी, तभी आरोपी ने अपने बैग से एक सिपर निकाला और पीड़िता के चेहरे पर तरल पदार्थ फेंक दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी लड़की को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
तेजाब के हमले से पीड़िता का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। उसे तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, उसकी आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है और डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पीड़िता इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से राजनीति विज्ञान में पोस्टग्रेजुएशन कर रही थी। उसकी शादी 19 अप्रैल को अपनी बड़ी बहन के साथ एक ही दिन तय हुई थी। वहीं, उसका मंगेतर नोएडा में स्पेशल एजुकेटर के रूप में कार्यरत है।
गोकलपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पीड़िता के मंगेतर के साथ सालों से रिश्ते में थी और उसकी शादी किसी और से होते हुए नहीं देख सकती थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी और मंगेतर के फोन रिकॉर्ड्स से उनकी बातचीत की पुष्टि हुई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
आरोपी की बहन ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 10 सालों से डिप्रेशन का इलाज करवा रही थी और उसे गुस्से के दौरे आते थे, जिनमें वह अपना नियंत्रण खो देती थी। वह पहले वकालत करना चाहती थी, लेकिन अब डिप्लोमा पूरा कर शिक्षिका बनना चाहती थी। पुलिस ने उसके मेडिकल रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में ले लिए हैं और इस पहलू से भी जांच की जा रही है।
Updated on:
16 Apr 2026 11:12 am
Published on:
16 Apr 2026 11:08 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
