
BJP प्रमुख नबीन ने कांग्रेस पर फोटो सोर्स- ANI
Delhi BRICS Summit; भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने BRICS सम्मेलन की मेजबानी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी भारत अपनी बढ़ती वैश्विक क्षमता और नेतृत्व का प्रदर्शन करता है, कांग्रेस के नेता असहज हो जाते हैं। नितिन नबीन ने कहा कि भारत में BRICS सम्मेलन होने जा रहा है और पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों को शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया कि देश की बढ़ती ताकत और वैश्विक स्वीकार्यता से विपक्षी नेता खुश नहीं हैं।
BJP अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि G20 के बाद ग्लोबल AI समिट और अब BRICS समिट की मेजबानी से कांग्रेस के 'नाराज फूफा' फिर दर्द में हैं। उन्होंने कहा कि पहले G20 समिट हुआ तो नाराज फूफा परेशान थे। यहां ग्लोबल AI समिट हुआ तो फिर उन्हें तकलीफ हुई। अब जब BRICS समिट भारत में हो रहा है तो कांग्रेस के लोग फिर दर्द में हैं। नबीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की प्रगति नहीं चाहती। उन्होंने राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर विदेश दौरों के दौरान भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब देश में इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो रहा है, तब कांग्रेस नेता खुश नहीं हैं। नबीन ने कहा कि देश की जनता इसका जवाब देगी।
नबीन का यह बयान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद पी. चिदंबरम के बयान के बाद आया है। चिदंबरम ने बुधवार को हाल के BRICS सम्मेलनों से भारत को मिले ठोस फायदों पर सवाल उठाए थे। चिदंबरम ने कहा था कि उन्हें पिछले दो-तीन BRICS सम्मेलनों से कोई खास ठोस परिणाम या लाभ नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि भारत BRICS के साथ-साथ SCO, G20 और QUAD का भी हिस्सा है, लेकिन इन मंचों से भारत को क्या लाभ मिल रहा है, यह स्पष्ट नहीं है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विपक्षी आलोचकों पर तंज कसने के लिए 'नाराज फूफा जी' शब्द का इस्तेमाल राजनीतिक मुहावरे के तौर पर कर चुके हैं।
इस बीच BRICS समिट को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रवेश नियंत्रण, निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और आपातकालीन प्रतिक्रिया समेत सुरक्षा की कई परतें तैयार की हैं। अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सुरक्षा के लिए करीब 15,000 दिल्ली पुलिसकर्मियों और लगभग 200 कंपनियों के अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। रास्तों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
भारत चौथी बार नई दिल्ली में BRICS सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। भारत की अध्यक्षता में होने वाले 18वें BRICS सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है। इसका उद्देश्य संस्थागत मजबूती और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए मानवीय दृष्टिकोण के साथ BRICS के प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है।
Updated on:
10 Sept 2026 06:50 pm
Published on:
10 Sept 2026 06:49 pm
