congress president election: कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा? राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देकर उतरे मल्लिकार्जुन खरगे या सांसद शशि थरूर, इसका फैसला तो 19 अक्टूबर 2022 को मतगणना के बाद होगा।
नई दिल्ली। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए पहली नेहरू-गांधी परिवार के बाहर के दो नेता मल्लिकार्जुन खरगे व सांसद शशि थरूर मैदान में हैं। लगभग 24 साल बाद कांग्रेस को गैर गांधी परिवार का अध्यक्ष मिलेगा।
खरगे ने चुनाव प्रचार की व्यस्तता के बीच कर्नाटक रवाना होने से पहले अपने दिल्ली स्थित निवास 10-राजाजी पार्क में पत्रिका से खास बातचीत में मौजूदा राजनीतिक हालात, कांग्रेस संगठन, भावी चुनौतियों और गांधी परिवार की भूमिका को लेकर सवालों के खुलकर जवाब दिए। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बाद गांधी परिवार की भूमिका पर सवाल के जवाब में खरगे ने कहा कि गांधी परिवार पार्टी का अविभाज्य अंग है। यह सत्य है कि उनके बिना पार्टी को कोई चला भी नहीं सकता। देश के हर कोने में उनको लोग जानते हैं। राहुल जी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रियंका गांधी यूपी में लड़ाई लड़ रही है। यदि इनसे सलाह-मशविरा भी नहीं करेंगे तो फिर किससे करेंगे, पार्टी तोड़ने वालों से।
रिमोट कहना बदनाम करने की कोशिश
कांग्रेस का नया अध्यक्ष गांधी परिवार के रिमोट से चलने की अवधारणा के सवाल पर खरगे ने कहा कि ऐसा कहना गांधी परिवार को बार बार बदनाम करने की कोशिश है। परिवार ने त्याग किया, सुख नहीं भोगा। बहुमत मिलने के बाद दूसरों को प्रधानमंत्री और मंत्री बनाया। देश की एकता-अखंडता के लिए अपने परिवार के लोगों की कुर्बानी दी। पार्टी के कामकाज में कभी निर्णय थोपा नहीं गया। वे तो हमेशा सभी की बात सुनते रहे हैं। हम वैसे भी सामूहिक नेतृत्व की बात करते हैं। यदि वह एकतरफा निर्णय लेते तो बहुत से लोगों के साथ संवाद ही नहीं करते।
संगठन को मजबूत करना होगा
चुनावों में लगातार हार के कारण कांग्रेस के खत्म होने की अवधारणा को खरगे सही मानते। उनका कहना था कि पार्टी चुनाव जब हारती है तो कुछ लोग छूटते जाते हैं, लेकिन जो लोग विचारधारा से जुड़ते हैं, वो पार्टी नहीं छोड़ते। आज के हालात में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए उदयपुर नवसंकल्प को अमल में लाकर पार्टी को नया ढांचा देंगे। जो-जो लोग उपेक्षित है, उनको शामिल कर हम काम करेंगे।
देश को होगा यात्रा का फायदा
उन्होंने कहा कि देश आज विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। हर जगह भाषा, धर्म, जाति के नाम पर नफरत बढ़ रही है। ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है। शिक्षण संस्थाओं में सिलेबस बदलकर खास विचारधारा थोपने की कोशिश चल रही है। चुनी हुई सरकारों को गिराया जा रहा है। छह राज्यों में कांग्रेस की सरकार आई, लेकिन भाजपा ने चोरी से इन सरकारों को गिरा दिया। देश में महंगाई-बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। आम आदमी परेशान है। कांग्रेस ने इन चुनौतियों को समझा है और राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में हर व्यक्ति और संस्था से मिलकर देश जोड़ने की बात कर रहे हैं। इससे लाखों लोग जुड़ रहे हैं। इसका फायदा हमको होगा, लेकिन देश को सबसे ज्यादा फायदा होगा।