
ग्रेटर नोएडा के एक निजी हॉस्टल में बीटेक छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप
Noida Student Sucide: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 के एक निजी हॉस्टल में शुक्रवार देर रात बीटेक सेकंड ईयर के छात्र उदित सोनी ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मौत की खबर से पूरे हॉस्टल का माहौल गर्माया हुआ है। इस वारदात के बाद बहुत से छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसमें तोड़-फोड़ भी हुई। छात्रों के हॉस्टल प्रबंधन पर लगाए जा रहे आरोपों के साथ यह मामला और जटिल हो गया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस मामले की जांच में सामने आया कि घटना वाली रात उदित अपने दो दोस्तों के साथ रात को शराब पीकर हॉस्टल आया था। हॉस्टल प्रबंधन ने इस पर आपत्ति जताते हुए उसे डांट लगाई थी। साथ ही उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर उसके पिता को भेजी थी। बताया जा रहा है कि उदित से शराब पीकर आने की वजह से 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया था। उदित के पिता ने उसकी वीडियो देखने के बाद उस पर गुस्सा किया और निराशा दिखाते हुए उसे घर बुलाने की बात कही। इन सब कारणों की वजह से उदित मानसिक रूप से पूरा टूट चुका था।
उदित के दोस्तों का आरोप है कि जुर्माना देने के बाद हॉस्टल प्रबंधन ने उसके साथ हाथापाई की और साथ ही पाइप से भी उसे मारा। उसके दोस्तों के अनुसार, इस घटना से बहुत दुख पहुंचा और उसे यह बात बहुत अपमानजनक लगी। उसने गुस्से में हॉस्टल के अंदर जाते हुए कहा था कि उस पर आज तक उसके पिता ने भी हाथ नहीं उठाया है। उनके अनुसार, उसके बाद वह सीधे हॉस्टल की ऊपरी मंजिल पर गया और देर रात छलांग लगा दी।
उदित की मौत की खबर फैलते ही हॉस्टल में रहने वाले बच्चों में आक्रोश देखने को मिला। देर रात काफी स्टूडेंट इकट्ठे हो गए और उन्होंने जमकर हंगामा किया। गुस्से में आकर उन लोगों ने हॉस्टल के बाहर खड़ी बसों के शीशे तोड़ दिए और आसपास रखा हुआ सामान भी तोड़-फोड़ दिया। स्टूडेंट्स का कहना था कि हॉस्टल प्रबंधन का बिहेवियर ठीक नहीं था जिसके चलते उदित ने मानसिक दबाव में आकर यह कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही नॉलेज पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात संभाले। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिवार को इसकी सूचना दे दी गई है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, तोड़फोड़ की घटना को लेकर अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस मामले से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखकर सच जानने की कोशिश कर रही है।
Published on:
24 Jan 2026 03:47 pm

बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
