
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
Rekha Gupta Delhi Budget: दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (AAP) के पिछले 10 साल के कार्यकाल की धज्जियां उड़ा दीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि AAP ने दिल्ली को विकास नहीं, बल्कि DTC और दिल्ली जल बोर्ड के भारी घाटे की विरासत सौंपी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछला दशक केवल कर्ज और अधूरे प्रोजेक्ट्स का पर्याय बनकर रह गया है।
दिल्ली विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तीखे बाण छोड़े। उन्होंने पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार को दिल्ली के विकास के लिए 'टीबी' जैसी जानलेवा बीमारी करार दिया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि AAP ने दिल्ली को केवल कर्ज की बेड़ियां, भारी घाटा और आधे-अधूरे प्रोजेक्ट्स ही दिए हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था को खोखला करने के बाद अब उनकी नजर पंजाब को भी इसी बर्बादी की ओर धकेलने पर है।
पश्चिम एशिया में युद्ध के संकट और वैश्विक स्तर पर बढ़ती तेल की कीमतों के बीच, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को राहत देना यह साबित करता है कि केंद्र सरकार दबाव में नहीं, सटीक योजना के साथ काम करती है। यह फैसला विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के हितों की रक्षा करने वाला है।
चर्चा शुरू करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'अगर विपक्ष के लोग सदन में होते तो सुझाव दे सकते थे, लेकिन वे सड़कों पर बैठे हैं। वे वहीं बैठे रहें, हम उनके लिए अच्छी सड़कें बना रहे हैं।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष उन पर लोन लेने का आरोप लगा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि आप सरकार पिछले 10 सालों से लोन लेती रही। उन्होंने बताया कि लोन लेना उतना जरूरी नहीं है, जितना कि उस पर लिया जाने वाला ब्याज है। आप सरकार ने करीब 9 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन लिया, जबकि उनकी सरकार ने देश में सबसे कम 7.4 फीसदी ब्याज पर लोन लिया है। रेखा गुप्ता ने दावा किया कि आप सरकार 47,000 करोड़ रुपये का लोन छोड़कर गई है। इसके अलावा एक्सप्रेसवे के 3,700 करोड़ रुपये, मेट्रो के 2,700 करोड़ रुपये की देनदारी भी आप सरकार ने नहीं चुकाई, जिसे उनकी सरकार ने अदा किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में AAP सरकार के दावों की पोल खोलते हुए 'अधूरे प्रोजेक्ट्स' की लंबी लिस्ट पेश की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार अस्पताल, स्कूल और बारापुला जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स को अधर में छोड़ गई। सीएम ने आंकड़ों के साथ बताया कि खिलाड़ियों के बकाया से लेकर EWS कोटे और EV पॉलिसी के करोड़ों रुपये दबाकर रखे गए थे। उन्होंने साफ किया कि जो गौशालाओं की मदद तक रोक दी गई थी, उनके लिए अब 24 करोड़ और जय भीम योजना के लिए 31 करोड़ रुपये उनकी सरकार ने जारी कर दिए हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा कि AAP ने दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) को 99,000 करोड़ रुपये के घाटे में पहुंचा दिया और दिल्ली जल बोर्ड को 91,000 करोड़ रुपये के घाटे में डुबो दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने इन घाटों को और बढ़ाया।
सबसे तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर कहा, 'ये दिल्ली के लिए टीबी बन गए थे। ये दिल्ली के फेफड़ों से ऐसे चिपक गए थे कि दिल्ली को पनपने नहीं दे रहे थे। हम दिल्ली को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।'
रेखा गुप्ता ने अपने बजट को अब तक का सबसे बड़ा कैपिटल एक्सपेंडिचर बताया। उन्होंने कहा, 'हम केवल फ्री सुविधाएं नहीं देंगे, बल्कि दिल्ली का वास्तविक विकास भी करेंगे।' शिक्षा विभाग को सबसे अधिक बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने आप के 'शिक्षा मॉडल' पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके शासन में स्कूलों में बच्चों की संख्या लगातार घटती गई। लड़कियों को स्कूल ड्रॉपआउट से बचाने के लिए साइकिल देने की घोषणा की गई, जिस पर भी आप घटिया राजनीति कर रही है।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि AAP ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया, अब वे पंजाब को बर्बाद करने में लगे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 10 साल में दिल्ली में काम नहीं हुआ, इसलिए सभी विभागों और क्षेत्रों में काम करने की जरूरत है।
Published on:
27 Mar 2026 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
