
photo patrika
National Highway 11 Accident: रविवार की रात एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बनकर आई। अपने इकलौते चिराग के उज्ज्वल भविष्य का सपना लेकर निकले माता-पिता को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे-11 पर धामलावास आईटीआई के पास रात करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो की ऐसी जोरदार टक्कर हुई जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी लोहे के मलबे में तब्दील हो गई और उसमें सवार पति, पत्नी और उनके 13 साल के मासूम बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बोडिया कमालपुर निवासी ब्रजमोहन 40, उनकी पत्नी अनीता 38 और बेटे निमेष 13 के रूप में हुई है।
ब्रजमोहन गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे और उनकी पत्नी अनीता सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनका 13 वर्षीय बेटा निमेष उनका इकलौता सहारा था। परिवार निमेष का कोचिंग संस्थान में दाखिला कराने के लिए राजस्थान के सीकर गया हुआ था। वहां से लौटते समय यह भयावह हादसा हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद अब ब्रजमोहन के बूढ़े माता-पिता घर में अकेले रह गए हैं। पूरा परिवार एक झटके में खत्म हो गया, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।
टक्कर इतनी खतरनाक हुई होगी इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि शव स्कॉर्पियो के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी की हालत देख सबके होश उड़ गए। शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर और हाइड्रा मशीनें बुलानी पड़ीं। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत और कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद क्षत-विक्षत शवों को गाड़ी को काटकर बाहर निकाला गया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद खुलवाया।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। रामपुरा थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन होना लग रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भेज दिया है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
Updated on:
25 May 2026 12:58 pm
Published on:
25 May 2026 12:31 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
