
Call details of former Judge Giribala Singh sought in the Twisha Sharma case
Twisha Sharma Case: भोपाल में अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है। दहेज उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने और जांच में पक्षपात जैसे आरोपों ने इस केस को बेहद संवेदनशील बना दिया है। भोपाल लोकल कोर्ट, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट में भी मामले की सुनवाई शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली की बेंच इस मामले की सुनावई कर रही है। खबरों के अनुसार बेंच ने सुनवाई के दौरान ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को उनके इंटरव्यू के लिए फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि इस मामले को जिस तरह हैंडल किया गया उसका हमें दुख है।
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान दोनों परिवारों को मीडिया से दूरी बनाने की सलाह दी और प्रीमेच्योर बयानबाजी से बचने के लिए कहा। कोर्ट ने परिवारों से कहा कि मीडिया के सामने बयान देने से बजाय वह जांच एजेंसी के सामने अपना पक्ष रखे। साथ ही मीडिया से भी कोर्ट ने घरवालों के बयानों के आधार पर मामले की जांच तय न करें। कोर्ट ने मीडिया को बार-बार पीड़ित परिवारों के पास जाकर उनसे सवाल करने के लिए भी मना किया। साथ ही यह सवाल भी उठाया कि मीडिया आरोपियों का इंटरव्यू क्यों किया जा रहा है। कोर्ट ने साफ कहा कि जांच कानून और प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़नी चाहिए ताकि किसी तरह का पूर्वाग्रह न बने।
कोर्ट ने विशेष रूप से इस बात पर भी चिंता जताई कि गिरिबाला सिंह, जो पूर्व जिला न्यायाधीश रह चुकी हैं, को लेकर ऐसा नैरेटिव बनाया जा रहा है कि न्यायपालिका जांच को प्रभावित कर रही है। अदालत ने कहा कि वह इस तरह की धारणा के खिलाफ है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट में बताया कि अब इस मामले की जांच सीबीआई अपने हाथों में लेगी। मेहता ने कहा कि यह मामला समाज और अभिभावकों के लिए एक संदेश है कि दुखद हालात से बेहतर है कि बेटी तलाक लेकर अलग जीवन जिए।
बता दें कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग एप पर हुई थी और दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी। 12 मई को ट्विशा अपने घर में फंदे से लटकी मिली थीं। शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन बाद में उनके परिवार ने दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए। समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दूसरी ओर सिंह परिवार ने दावा किया कि ट्विशा अवसाद में थीं और नशीले पदार्थों का सेवन करती थीं। मामले में दूसरा पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली (AIIMS) की टीम ने भोपाल में किया जिसके बाद ट्विशा का अंतिम संस्कार हुआ।
Updated on:
25 May 2026 01:04 pm
Published on:
25 May 2026 01:04 pm
