12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सबसे बड़ी रामलीला में सीता का किरदार निभाएंगी रिया सिंघा

योध्या में आयोजन : आज से 12 अक्टूबर तक होगा मंचन, कई फिल्मी कलाकारों को भूमिकाएं

less than 1 minute read
Google source verification

अयोध्या. नवरात्रि के मौके पर अयोध्या में गुरुवार से दुनिया की सबसे बड़ी रामलीला का मंचन शुरू होगा। इस बार बॉलीवुड के 42 कलाकार रामलीला में किरदार निभाएंगे। मिस यूनिवर्स इंडिया रिया सिंघा सीता बनेंगी तो सांसद-अभिनेता रवि किशन सुग्रीव और मनोज तिवारी बालि का किरदार निभाएंगे।

अयोध्या में हर साल ‘फिल्मी रामलीला’ का आयोजन किया जाता है। इस बार इसमें ज्यादा फिल्मी कलाकार नजर आएंगे। रामलीला का मंचन 12 अक्टूबर तक श्री राम ऑडिटोरियम के मैदान में रोज शाम सात बजे से 10 बजे तक किया जाएगा। प्रवेश निशुल्क रहेगा। इसका डीडी भारती पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि पिछले साल फिल्मी रामलीला को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 36 करोड़ लोगों ने देखा था। इस बार यह संख्या 50 करोड़ पहुंचने की संभावना है।

भाग्यश्री बनेंगी वेदमती, मनीष शर्मा रावण

रामलीला में रजा मुराद दशरथ, राकेश बेदी जनक, बिंदु दारा सिंह भगवान शंकर और मनीष शर्मा रावण की भूमिका निभाएंगे। ‘मैंने प्यार किया’ की अभिनेत्री भाग्यश्री वेदमती तो लोक गायिका मालिनी अवस्थी मां शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। वेद सागर राम, अनिमेष मिढा लक्ष्मण, विनय सिंह कुंभकरण, ऋतु शिवपुरी सीता की मां सुनयना, अमिता नांगिया मंदोदरी और निरंजन नारद मुनि बनेंगे।

काफी रोमांचित करने वाला अनुभव...

पहली बार कोई मिस यूनिवर्स इंडिया रामलीला में सीता का किरदार निभाएंगी। हाल ही जयपुर में मिस यूनिवर्स इंडिया चुनी गईं अहमदाबाद की रिया सिंघा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, यह साल मेरे लिए कई मायनों में खास है। पहले खिताब जीता और अब प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से रामलीला में सीता का किरदार निभाने का अवसर मिला है। यह अनुभव काफी रोमांचित करने वाला है।