
दीक्षा मक्कड़ ( फोटो श्रोत ANI)
UGC NET पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में लोक प्रशासन विभाग की पीएचडी रिसर्च स्कॉलर दीक्षा मक्कड़ ने यूजीसी-नेट परीक्षा में ऑल इंडिया में पहली रैंक लाकर विश्वविद्यालय के साथ साथ अपने गृह जनपद अंबाला और पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन, विभाग के शिक्षकों और छात्रों में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता को संघर्ष और निरंतर मेहनत की मिसाल बताया है।
दीक्षा मक्कड़ मूल रूप से हरियाणा के अंबाला की रहने वाली हैं और वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी के लोक प्रशासन विभाग में शोध कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार यूजीसी-नेट की तैयारी कर रही थी। यह उनकी पांचवीं कोशिश थी। पहले चार प्रयासों में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और पूरे आत्मविश्वास के साथ तैयारी जारी रखी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया।
दीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफर आसान नहीं था। कई बार असफलता से मन टूटता था, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को हमेशा सामने रखा। उनका कहना है कि किसी भी परीक्षा की तैयारी में धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सबसे अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हमें हमेशा अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से तय करना चाहिए और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास नहीं छोड़ना चाहिए।
पंजाब यूनिवर्सिटी के लोक प्रशासन विभाग के प्रोफेसरों ने दीक्षा की उपलब्धि को विभाग के लिए गर्व का विषय बताया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उन्हें बधाई दी गई और भविष्य में उनके उज्ज्वल करियर की कामना की गई। शिक्षकों का कहना है कि दीक्षा की यह सफलता अन्य शोधार्थियों और छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
दीक्षा मक्कड़ ने यह भी कहा कि वह आगे चलकर शिक्षण और शोध के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं, ताकि समाज और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें। उनकी इस उपलब्धि से यह साबित होता है कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त करना किसी भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। दीक्षा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है, बशर्ते मेहनत और लगन में कोई कमी न हो।
पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में लोक प्रशासन विभाग की PHD रिसर्च स्कॉलर दीक्षा मक्कड़ ने UGC-NET में ऑल इंडिया रैंक 1 आने पर कहा, "मैं अंबाला की रहने वाली हूं। मैं पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में लोक प्रशासन विभाग की PHD रिसर्च स्कॉलर हूं। मैं 3 सालों से UGC NET की तैयारी कर रही थी यह मेरी 5वीं कोशिश थी... इस बार मेरी रैंक 1 आई है... यह करना बहुत मुश्किल था... हमें हमेशा अपने लक्ष्य को निर्धारित करना चाहिए...
Published on:
11 Feb 2026 09:29 am
