7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime: घर से ऑफिस निकली 27 साल की लड़की का पार्क के पास मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Crime: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 स्थित एक पार्क के पास कार के नीचे युवती का संदिग्ध अवस्‍था में शव पड़ा मिला। युवती घर से रविवार को ऑफिस के लिए निकली थी।

2 min read
Google source verification
Young Girl Dead body found under car near park in Greater Noida Crime

ग्रेटर नोएडा में ऑफिस के लिए निकली लड़की का कार के नीचे मिला शव।

Crime: राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया। जब‌ ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 स्थित पार्क के किनारे खड़ी कार के नीचे संदिग्ध अवस्‍था में एक 27 साल की लड़की का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद युवती की शिनाख्त की। युवती की पहचान 27 साल की दीपा के रूप में हुई है, जो सेक्टर बीटा-2 में अपने छोटे भाई के साथ किराए के कमरे में रहती थी। सूचना पर पहुंचे छोटे भाई ने बताया कि उसकी बहन नोएडा सेक्टर-60 ‌स्थित एक कॉल सेंटर में जॉब करती है, वह रविवार सुबह घर से ऑफिस के लिए निकली थी और रात तक घर नहीं पहुंची। उसका मोबाइल भी लगातार बंद जा रहा था।

माता-पिता का पहले हो चुका निधन

ग्रेटर नोएडा पुलिस सूत्रों का कहना है कि युवती के माता-पिता का निधन हो चुका है। इसके बाद दो भाइयों की देखभाल की जिम्मेदारी दीपा ही उठा रही थी। दीपा का एक भाई आगरा में नौकरी करता है, जबकि दूसरा भाई दीपा के साथ ही रहता है। पूछताछ में पता चला है कि दीपा मूलरूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के महोकंठ थानाक्षेत्र स्थित पिपरी गांव की रहने वाली थी। रविवार को वह छोटे भाई के लिए खाना बनाकर घर से ऑफिस के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद जब छोटे भाई ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया तो नंबर बंद जा रहा था।

सोमवार सुबह कार के नीचे पड़ा मिला शव

सोमवार सुबह पार्क के पास टहलने निकले लोगों को कार के नीचे युवती का संदिग्ध हालात में शव पड़ा मिला। इसकी जानकारी फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को मामले की सूचना देकर मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुट गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शव की कंडीशन देखकर किसी आपराधिक घटना से इनकार तो नहीं किया जा सकता, लेकिन मामला हादसे का भी हो सकता है। इसलिए बारीकी से मामले की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल से खुलेगा राज

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल भी मंगवाई जा रही है। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इस मामले में अहम साबित हो सकती है। दीपा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में खलबली मच गई। आनन-फानन परिजन भी घटनास्‍थल पर पहुंच गए। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 थाना प्रभारी का कहना है कि युवती ऑफिस के लिए निकली थी तो पार्क के पास कैसे पहुंची। इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही-सही पता चल सकेगा।