5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

खूंखार कुत्ते का हमला…आंगन में बैठे लोगों पर टूटा कहर

वीडियो वायरल होने से फैली दहशत, पांच लोग घायल; क्षेत्र में बढ़ रहे डॉग अटैक के मामले

Google source verification

डॉ. आंबेडकर नगर (महू)। किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कवटी में शुक्रवार सुबह एक खूंखार कुत्ते ने अचानक हमला कर गांव में दहशत फैला दी। घर के आंगन में बैठकर चाय पी रहे लोगों पर कुत्ते ने हमला बोल दिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भय का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फारूक, अरमान, शाकिर और मलिक पटेल सहित अन्य लोग आंगन में कुर्सी और खटिया पर बैठे थे, तभी अचानक एक कुत्ता दौड़ता हुआ आया और एक युवक पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कुत्ते ने अन्य लोगों को भी निशाना बना लिया। अचानक हुए हमले से घबराए लोगों ने कुर्सी, ईंट और लाठी से कुत्ते को भगाने की कोशिश की। करीब पांच मिनट तक चले इस घटनाक्रम में कुत्ते ने पांच लोगों को काट लिया और बाद में भाग निकला। घायलों को तुरंत महू के मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कुत्ता पहले भी गांव में कई लोगों पर हमला कर चुका है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

बढ़ते हमले, बढ़ती चिंता
गर्मी की शुरुआत के साथ ही महू कैंट और आसपास के क्षेत्रों में कुत्तों के हमलों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, रोजाना 15 से अधिक लोग डॉग बाइट के उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से आक्रामक और आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके।