3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुल्हन बनने से पहले पिता का साया छिन गया, कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत

जौरा के ग्राम अगरौता पेट्रोल पंप के पास हुए हादसे में एक परिवार की खुशियां छिन गईं। हादसे में पिता और उसके साथी की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

जौरा (मुरैना). बेटी की शादी की खुशियां एक परिवार से यंू छिन जाएंगी किसी ने नहीं सोचा था। एक पिता अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकला था। बाइक से अपने एक रिश्तेदार के साथ जा रहे इस पिता को क्या पता था कि पीछे आ रही कार उनकी खुशियों को पल भर में छीन लेगी। एक पल में कार ने आगे चल रही बाइक को कुछ इस तरह टक्कर मारी की दोनों बाइक सवार की जान चली गई।

ग्राम अगरौता स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की शाम हाइवे पर एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसे में दो शख्स की मौत ने मौके पर मौजूद लोगों को गमगीन कर दिया। हादसे में कार सवार मौके से फरार हो गया जबकि कार में बैठा एक व्यक्ति घायल हुआ है।

10 अप्रेल को होना थी शादी

जानकारी के अनुसार पीरू शाह (40), निवासी सहसराम जिला श्योपुर की पुत्री रौनक बानो की 10 अप्रेल को शादी है। पीरू शाह अपने साथी शहीद खान (28), निवासी बिचपुरी जौरा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी के कार्ड बांटने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवार पास के पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाकर अपने घर निकले ही थे कि पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद सडक़ पर हर तरफ शादी की चि_यिां बिखरी पड़ी थीं, जिन्हें देख हर राहगीर की आंख नम हो गई।

कार सवार युवक घायल

हादसे में कार के अंदर मौजूद बंटी (35) पुत्र रामहेत कुशवाह निवासी ग्राम जोनारा कैलारस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जौरा अस्पताल ले जाया गया फिर जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

टक्कर से बिजली के खंभे के हुए तीन टुकड़े

मोटरसाइकिल को रौंदने के बाद अनियंत्रित कार सडक़ किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीमेंट का खंभा तीन हिस्सों में टूट गया और कार सडक़ से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कार के पीछे बड़े अक्षरों में ’पुलिस’ लिखा हुआ था, जिसकी अब पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

चीख पुकार में बदली शादी की खुशियां

परिवार में शादी की खुशियां कुछ दिन से चल रही थीं। घर के लोग शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। जैसे ही जौरा से पिता की मौत की सूचना आई घर में हाहाकार मच गया। शादी वाले घर में चीख पुकार मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। परिवार के इस दुख में शरीक होने के लिए आसपास के लोग जुटने लगे। उन्हें इस बात का गम था कि बमुश्किल बेटी की शादी का रिश्ता तय हो सका था और हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

हाइवे पर हादसों की संख्या बढ़ी

इनदिनों हाइवे पर हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ गया है। हाइवे पर हादसे कुछ ऐेसे घटित हो रहे हैं कि उन पर रोक लगाने के प्रयास नाकाम हो रहे हैं। तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहनों की गति को नियंत्रित नहीं किया जा रहा है। कई बार चालक भी लंबी यात्रा के बाद कई स्टॉपेज नहीं लेते। इस वजह से तेज रफ्तार वाहन हादसे के शिकार हो जाते हैं।