17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोरखपुर में तीन युवकों के राप्ती नदी में डूबने की आशंका, पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू…डाला गया महाजाल

गोरखपुर में शुक्रवार को तीन युवक नहाने के दौरान नदी में डूब गए हैं, यह खबर उनके परिजनों को मिलते ही कोहराम मचा हुआ है, घटना चिलुआताल थानाक्षेत्र में हुई है।

2 min read
Google source verification
Up news। Gorakhpur

फ़ोटो सोर्स: पत्रिका, तीन युवक डूबे

गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास राप्ती नदी पर निर्माणाधीन पुल के समीप शुक्रवार को नहाने गए तीन युवकों के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मजनू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोरों की नदी में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।

नहाने के दौरान डूबे तीन युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 2:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक राप्ती नदी में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक नदी में नहा रहे थे, इसी दौरान वे गहराई में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए।

डूबने वाले युवकों की पहचान

शिव साहनी पुत्र राम लखन, निवासी ग्राम काजीपुर, थाना चिलुआताल, उम्र करीब 20 वर्ष

बंटी पुत्र कृपा यादव, निवासी ग्राम बरियारपुर, थाना चिलुआताल, उम्र करीब 20 वर्ष

शुभम यादव पुत्र विनोद यादव, निवासी ग्राम बरियारपुर, थाना चिलुआताल, उम्र 22 वर्ष

नदी में तेज धार के चलते आ रही दिक्कत

बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में परिचित थे और गर्मी के चलते नदी में नहाने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, राप्ती नदी के इस हिस्से में अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिससे अनजान लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) को तत्काल बुलाया गया। साथ ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। नदी में तेज धारा और गहराई के चलते बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीम लगातार युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

मौके पर पहुंचे SSP, सर्च ऑपरेशन जारी

मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। वहीं तीनों युवकों के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों का कहना है कि वे सामान्य रूप से नहाने गए थे, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP डॉक्टर कौस्तुभ, SP नॉर्थ ज्ञानेंद्र, CO कैंपियरगंज अनुराग सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे बचाव अभियान की निगरानी की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्च ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और हर संभव संसाधन का उपयोग किया जाए, ताकि जल्द से जल्द युवकों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पर्याप्त बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिजनों को हर संभव सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।