
बेटी से मिलकर लौट रहे थे मां-बेटे, बाइक फिसली तो मां की गई जान; दो अन्य हादसों में भी दो की मौत
बेटी से मिलकर लौट रहे थे मां-बेटे, बाइक फिसली तो मां की गई जान; दो अन्य हादसों में भी दो की मौत
ग्वालियर। शहर में बीते 24 घंटे के भीतर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोला का मंदिर, पुरानी छावनी और जनकगंज थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
सबसे दर्दनाक हादसा गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क में हुआ। यहां 50 वर्षीय सीमा शर्मा अपने बेटे जीतू के साथ हजीरा के दुर्गापुरी में बेटी ज्योति से मिलकर लौट रही थीं। सिटी लाइफ अस्पताल के सामने अचानक उनकी बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सीमा के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि सीमा की हालत गंभीर होने पर उन्हें जेएएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में हुई। थाटीपुर निवासी 45 वर्षीय जितेंद्र सिंह बानमोर से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। रायरू तिराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं जनकगंज थाना क्षेत्र में गेंडे वाली सड़क निवासी 35 वर्षीय सोनू शुक्रवार सुबह काम पर जा रहे थे। कटी घाटी के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। घायल सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार शाम को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ जब वह बानमोर से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार थाटीपुर निवासी 45 वर्षीय जितेंद्र सिंह निजी कंपनी में काम करते थे और उनकी ड्यूटी मुरैना जिले के बानमोर में थी। 4 मार्च की रात करीब 10:30 बजे वह काम समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह रायरू तिराहे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे जितेंद्र सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में एक दिन तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
Published on:
08 Mar 2026 06:30 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
