
Israel Gaza Strike Hamas Commander Killed (AI Image)
Israel Gaza Strike Hamas Commander Killed: गाजा सिटी में इजरायल ने एक बार फिर बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाते हुए भीषण हमले किए हैं। इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने दावा किया है कि इस कार्रवाई में हमास के एक अहम कम्युनिकेशन कमांडर समेत तीन आतंकियों को मार गिराया गया है।
IDF के मुताबिक, मारे गए हमास कमांडर की पहचान अहमद अबू खुदैरा के रूप में हुई है जो गाजा सिटी क्षेत्र में संगठन के कम्युनिकेशन यूनिट से जुड़ा था। इजरायली सेना का कहना है कि वह हमास के लिए हमलों की योजना तैयार करने में शामिल था और इजरायली सैनिकों के लिए सीधा खतरा बन चुका था।
सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद हमास की सैन्य क्षमताओं को दोबारा खड़ा होने से रोकना है।
इस ऑपरेशन के दौरान दो अन्य हमास से जुड़े लोगों इस्लाम हिशाम रियाद कनिता और महमूद हामेद यूसुफ हमदौना को भी मार गिराया गया। IDF के अनुसार, ये दोनों भी संगठन की सैन्य गतिविधियों को फिर से मजबूत करने में लगे हुए थे, यहां तक कि सीजफायर के दौरान भी सक्रिय थे।
इजरायली सेना ने गाजा सिटी के अलावा अन्य इलाकों में भी कार्रवाई की है। मध्य गाजा में एक पिकअप ट्रक को निशाना बनाया गया जिसमें सवार हमास के लड़ाके कथित तौर पर इजरायली सैनिकों पर हमले की तैयारी कर रहे थे।
IDF ने कहा, “जैसे ही इनकी पहचान हुई, तुरंत हमला किया गया और खतरे को खत्म कर दिया गया।”
वहीं, फिलिस्तीनी मीडिया के मुताबिक गाजा सिटी में एक पुलिस वाहन पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई है। इससे साफ है कि जमीनी हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण हैं और दोनों पक्षों के दावों में अंतर बना हुआ है।
इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीजफायर के बावजूद इजरायल लगातार हमास के ठिकानों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि हमास भी अपनी गतिविधियों को जारी रखे हुए है।
इस ताजा हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
Updated on:
16 Apr 2026 09:59 pm
Published on:
16 Apr 2026 09:59 pm
