
West Bengal Election 2026
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच राजधानी कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में बने स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता धरने पर बैठ गए हैं, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।
TMC की वरिष्ठ नेता डॉ. शशि पांजा और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम के भीतर रखे गए बॉक्सों के साथ निर्धारित नियमों के अनुसार प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।
कुणाल घोष ने दावा किया कि संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों (एजेंट्स) की गैर-मौजूदगी में बॉक्स खोले जाने की कोशिश की जा रही है, जो चुनाव प्रक्रिया के नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में स्पष्ट जवाब नहीं मिलता, विरोध जारी रहेगा।
कोलकाता में माणिकतला विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार तपस रॉय की पुलिस के साथ तीखी बहस हो गई, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान तपस रॉय ने आरोप लगाया कि पिछले संसदीय चुनाव में उनके साथ अन्याय हुआ था। उन्होंने कहा, “मेरा पिछला चुनाव लूट लिया गया था… यह सब कोलकाता पुलिस और असामाजिक तत्वों की वजह से हुआ।”
हालांकि, उनके इन आरोपों पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसके साथ ही तपस रॉय ने स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर टीएमसी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी भी निगरानी के लिए दो लोगों को तैनात करेगी।
उन्होंने कहा, “टीएमसी सिर्फ अफवाह फैला रही है क्योंकि वह अपनी हार की जमीन तैयार कर रही है। यहां तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है।”
स्थिति को देखते हुए स्ट्रॉन्ग रूम के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।
फिलहाल चुनाव आयोग (ECI) या भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Updated on:
30 Apr 2026 09:34 pm
Published on:
30 Apr 2026 09:17 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
