
बेंगलूरु. मंत्रोच्चार से गूंजता सभागार, तिलक की आभा से चमकते चेहरे, देवी-देवताओं का आह्वान करते विद्वान पंडित, पूजा-प्रार्थना का माहौल और आरती की दिव्य ज्योति, मोहक भजनों के बीच शिवलिंग पर श्रद्धासिक्त अभिषेक करते श्रद्धालु। शनिवार को माहेश्वरी भवन का सभागार किसी मंदिर की तरह पवित्र, दिव्य व भव्य व अलौकिक नजर आ रहा था। सभागार में मौजूद माहेश्वरी समाज के लोग जैसे श्रद्धा व आस्था के रंग में रंगे हुए थे और उत्पत्ति दिवस पर भगवान महेश को कोटि-कोटि प्रणाम कर रहे थे। समाज के बुजुर्ग युवाओं को अपने साथ लाकर उनमें संस्कारों का बीजारोपण कर रहे थे तो समाज की नारी शक्ति सारी व्यवस्था को संभालने में लगी हुई थी। सभा के पदाधिकारी सभा की स्थापना के इस स्वर्णिम वर्ष पर अभिभूत थे जैसे मन मांगी मुराद पूरी हुई हो।
अवसर था माहेश्वरी सभा और माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में शुरू हुए माहेश्वरी समाज के 5157 वें उत्पत्ति दिवस के प्रथम दिन का। ओकलीपुरम स्थित माहेश्वरी भवन में समाज इस उत्सव को महेश नवमी के रूप में मना रहा है। शुभारंभ महेश पूजन एवं संगीतमय रुद्राभिषेक से हुआ। मंत्रोच्चार के बीच समाज के लोगों ने रुद्राभिषेक में भाग लिया और पूरी तन्मयता व तल्लीनता से भगवान शिव का अभिषेक किया। संगीत की स्वर लहरियां भी भगवान भोलेनाथ को रिझाने की कोशिश में श्रद्धालुओं का साथ दे रहीं थीं। सभागार में ओम नम: शिवाय का मंत्र गूंजता रहा और सांसारिक कामनाओं से दूर पहुंच चुके श्रध्दालु भक्ति की गंगा में गोते लगाते हुए गंगाधर को नमन करते रहे।
रुद्राभिषेक के दौरान एक ऐसा दृश्य बना कि समाज के लोगों की खुशी और उत्साह बढ़ गया। माहेश्वरी सभा के प्रथम अध्यक्ष श्रीराम साबू एवं वर्तमान अध्यक्ष नवलकिशोर मालू ने एक साथ 50 वें स्वर्णिम स्थापना वर्ष के शुभ अवसर पर भगवान महेश का रुद्राभिषेक किया। कार्यक्रम की शुरुआत महेश पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। सभागार में रुद्राक्ष से बने शिवलिंग की मनमोहक झांकी आकर्षण की केंद्र रही। छोटे-छोटे 12 ज्योतिर्लिंग भी शिवलिंग के आसपास रखे गए।माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष नवलकिशोर मालू, अनुश्री मालू के साथ 11 यजमान, अजय श्रीकिशन मालपानी परिवार, राजेश मारू परिवार, जाजू परिवार, नंदकिशोर मालू परिवार, रघुनाथ तोषनीवाल परिवार, मुकेश चितलांगिया परिवार, मुकेश बलदवा परिवार, सुरेश बियानी परिवार सहित महेश सौहार्द क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड, माहेश्वरी फाउंडेशन एवं माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने संगीतमय 12 ज्योतिर्लिंगों का रुद्राभिषेक किया। पंडित मुरारी दाधीच एवं अन्य विद्वानों ने भगवान महेश की वंदना और आरती के साथ संगीतमय रुद्राभिषेक संपन्न कराया।रुद्राभिषेक के पश्चात भवन परिसर में राहगीरों को अन्नदान किया गया।
माहेश्वरी सभा के उपाध्यक्ष भगवानदास लाहोटी ने बताया कि माहेश्वरी सभा ने सुरेंद्र थिरानी परिवार के सौजन्य से दीनोधारा ट्रस्ट फॉर डिसेबल्ड के बच्चों को बैग, बुक, पेंसिल इत्यादि पाठ्य सामग्री वितरित की।माहेश्वरी सौहार्द क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड ने बैंक परिसर में अन्नदान किया। समाज के सदस्य नारायण मंत्री ने देहदान देने का संकल्प किया।
Updated on:
16 Jun 2024 05:28 pm
Published on:
16 Jun 2024 05:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
