आकाशीय बिजली से बचने का उपाय
इन दिनों आकाशीय बिजली गिरने की काफी संभावना है। ऐसे में बारिश के दौरान खेतों, खुले मैदानों, पेड़ों या किसी ऊंचे खंभे के पास न जाएं। इनमें बिजली गिरने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।
बिजली से खुद को बचाने का सबसे अच्छा तरीका एक सुरक्षित, बंद जगह ढूंढना है। खुले मैदानों, पहाड़ी चोटियों और ऊंची जमीन से बचें। बिजली किसी क्षेत्र की सबसे ऊंची जगहों पर गिरती है। इसलिए संभावित बिजली के पोल या खंभे से दूर रहना जरूरी है। यदि आप बाहर हैं तो निचली भूमि या घाटी वाले जगहों पर रह सकते हैं। जब आप घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें। खिडक़ी, दरवाजे बंद कर दें। बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाइप, नल, फव्वारा, वाश बेसिन आदि के संपर्क से दूर रहना चाहिए। इसी तरह जब आप घर के बाहर हैं तो आपको इनसे दूर रहना चाहिए। वृक्ष बिजली को आकर्षित करते हैं। बिजली चमकते समय वृक्ष के नीचे न खड़े रहें। ऊंची इमारतों वाले क्षेत्र में आश्रय न लें समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग हो जाएं। सफर के दौरान अपने वाहन में ही रहें। मजबूत छत वाले वाहन में रहें। बाहर रहने पर धातु से बने वस्तुओं का उपयोग न करें। तालाब और जलाशयों से दूर रहें यदि आप पानी के भीतर हैं अथवा किसी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं।