5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather report- पारे में गिरावट लेकिन गर्मी के तेवर यथावत

जैसलमेर शहर सहित ग्रामीण अंचल प्रचंड गर्मी की चपेट में है। दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को घरों में ही कैद रहने को विवश कर रहे हैं। कुछ ऐसे ही हालात रविवार को बने रहे।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर शहर सहित ग्रामीण अंचल प्रचंड गर्मी की चपेट में है। दिनभर गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को घरों में ही कैद रहने को विवश कर रहे हैं। कुछ ऐसे ही हालात रविवार को बने रहे। हालांकि पारे में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई लेकिन उसकी कोई राहत वास्तविकता में गर्मी के तेवरों से नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम 27.6 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया, यह एक दिन पहले शनिवार को क्रमश: 44.4 व 28.7 डिग्री दर्ज हुआ था। जैसलमेर शहर में दिन ढलने के बाद भी वातावरण में गर्माहट का असर बना रहता है। लोगों को देर रात तक कहीं जाकर हवा नसीब होती है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को भी गर्मी का अहसास हुआ। आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में कोई बड़ी तब्दीली नहीं आने वाली है।

पोकरण. तेज सूर्य की किरणों से धरती लगातार तपती जा रही है। हालात यह है कि रविवार को तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंचा। जिसके कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। शनिवा देर शाम 8 बजे कस्बे में हल्की बारिश का दौर चला। तहसील कार्यालय पर लगे रेनगेज के अनुसार 1 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। रविवार को सुबह 8 बजे सूर्य की तेज किरणें निकली। सुबह 9 बजे बाद गर्मी का असर बढऩे लगा और 10 बजे तेज लू के थपेड़े चलने लगे। दोपहर में तो मानो आसमान से अंगारे बरस रहे हो। भीषण गर्मी के साथ लू के थपेड़ों के चलते लोगों ने घरों में रुककर विश्राम किया। जिससे मुख्य मार्गों पर चहल पहल कम नजर आई। दोपहर में तेज हवा चलने के साथ हल्के बादलों की आवाजाही भी हुई, लेकिन तापमान बढऩे से देर शाम तक भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा।

भीषण गर्मी के चलते नर्सरी से आठवीं तक स्कूल समय बदला

- कलक्टर ने जारी किए आदेश, आज से लागू नया समय

जैसलमेर जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित में बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त सरकारी, गैर सरकारी तथा प्ले स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय समय में परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार नया समय 4 मई से सत्रांत तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं प्रात: 7.30 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक संचालित होंगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा संचालित अन्य परीक्षाओं का समय पूर्ववत रहेगा। वहीं विद्यालयों के शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्मिकों को अपने निर्धारित विभागीय समयानुसार विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। जिला प्रशासन ने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वाले राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।