5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ब्रजेश पाठक का विपक्ष को तीखा जवाब, कहा- तुष्टीकरण की राजनीति नहीं चलेगी, EC पर सवाल उठाना उनकी पुरानी आदत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत के बाद समाजवादी पार्टी और TMC के नेताओं ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष के आरोपों पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने करारा जवाब दिया है।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Vinay Shakya

May 05, 2026

Brajesh Pathak

ब्रजेश पाठक (Image: IANS)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी और TMC के नेता बीजेपी की जीत के बाद चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। अब विपक्षी नेताओं को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने करारा जवाब दिया है।

डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के बाद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उनकी पुरानी आदत बन गई है। विपक्ष, जब जीतता है तो वह चुनाव आयोग या प्रक्रिया पर कोई सवाल नहीं उठाता, लेकिन हार के बाद इसे मुद्दा बनाया जाता है, जो केवल अपनी साख बचाने की कोशिश है।

ब्रजेश पाठक ने कहा- विपक्ष की हार तय है, क्योंकि वह तुष्टीकरण की राजनीति करता है। अब तुष्टीकरण की राजनीति नहीं चलेगी, क्योंकि देश की जनता जागरूक हो चुकी है। पाठक ने कहा कि देश के युवा, महिलाएं, गरीब और किसान अब विकास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे देश में एक बड़े जनादेश के साथ बढ़ रही है।

बंगाल के लोगों ने भरोसे पर मुहर लगाई

पश्चिम बंगाल के संदर्भ में ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह राज्य कभी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक रहा है, जिसने दुनिया को नई दिशा दी। आज देश में पश्चिम बंगाल से लेकर दक्षिण भारत तक भाजपा का प्रभाव बढ़ रहा है और कमल का विस्तार हो रहा है। इस जीत के लिए लोगों ने भय की राजनीति को नकार कर भरोसे पर मुहर लगाई है।

उपमुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की बदलती परिस्थितियों पर भी चिंता जताई। पाठक ने आरोप लगाया कि बंगाल में वंशवादी राजनीति और भ्रष्टाचार का प्रभाव रहा है। साथ ही सीमावर्ती इलाकों की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव हो रहा था। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बीच पश्चिम बंगाल की जनता ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

ब्रजेश पाठक ने इस दौरान महान हस्तियों को भी नमन किया, जिनमें स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों की विचारधारा और योगदान ने पश्चिम बंगाल की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है। डिप्टी सीएम ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां विकास, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता दी जा रही है। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे इसी बदलाव का संकेत हैं और आने वाले समय में इसका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी देखने को मिलेगा।