नोएडा

Noida: शहर के बाद अब गांव में भी पहुंचा Coronavirus, 4 और लोग आए चपेट में, 31 पहुंची मरीजों की संख्या

Highlights: -शहर के बाद अब गांव में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है -रविवार को ही जनपद में 4 नए मामले सामने आए हैं -गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 31 पहुंच गई है
2 min read
• •
Mar 29, 2020
Feature image

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन कोरोना संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं। वहीं शहर के बाद अब गांव में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। उधर, रविवार को ही जनपद में 4 नए मामले सामने आए हैं। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 31 पहुंच गई है।

स्वस्थ्य विभाग के मुताबिक इन चारों लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद इनके परिवारों के भी सैंपल एकत्रित किए गए हैं और उन्हें घर में ही रहने को कहा गया है। इसके साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।

शनिवार को सामने आए थे 09 मामले

बता दें कि शनिवार को जनपद में एक साथ कोरोना के नौ मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इनमें ग्रेटर नोएडा के अच्छेजा गांव स्थित महक रेजिडेंसी के 2 युवक, सेक्टर 37 की एक महिला, सेक्टर 128 जेपी विशटाउन सोसायटी के युवक, सेक्टर 44 के एक व्यक्ति में कोरोना मिला। ये सभी सेक्टर 135 स्थित एक कंपनी से जुड़े थे। इसके अलावा ग्रेनो वेस्ट सेक्टर 2 में डेनमार्क से लौटे युवक के परिवार में 12 वर्षीय बच्ची समेत 4 लोगों में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।

इस बाबत जानकारी देते हुए जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 31 हो गई है। विगत दिवस तक यह संख्या 27 थी। रविवार को ही चार व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।

गांव में भी पहुंचा वायरस

दादरी क्षेत्र के गांव बिशनूली में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति मिला है। जिसके बाद जिलाधिकारी द्वारा गांव और आसपास के क्षेत्र को 30 मार्च तक के लिए सील कर दिया है और पूरे गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाला जो व्यक्ति संक्रमित हुआ है वह भी नोएडा की उसी सीज फायर कंपनी में काम करता है, जिसके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमण फैलाने के आरोप में केस दर्ज कराया है।

ये है विदेश से लौटने वालों की संख्या

गौरतलब है कि इस समय जिले में विदेश से लौटने वालों की संख्या 1849 है। वहीं कोरोना पॉजिटिव केसों के संपर्क में आने वाले लोगों की संख्या 1143 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 2992 लोगों की निगरानी की जा रही है। उधर, जिले में बने क्वारंटाइन व आइसोलेशन वार्ड में अब तक कुल 226 मरीज व संदिग्ध भर्ती है।

Updated on:
29 Mar 2020 03:33 pm
Published on:
29 Mar 2020 03:26 pm