
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नोएडा। पिछले दो हफ्ते से किसानों के धरना प्रदर्शन के कारण बंद रहे नोएडा-दिल्ली चिल्ला बॉर्डर को शनिवार रात 11 बजे खोल दिया गया। ये कवायद चिल्ला बार्डर पर धरने पर बैठे किसानों के पदाधिकारियों की शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात के बाद हुई। मुलाक़ात के दौरान किसानों ने अपनी 18 मांगों को रखा था। किसानों को मांगों के संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। जिसके बाद पुलिस और किसानों ने मिलकर नोएडा-दिल्ली का चिल्ला बॉर्डर पर लगे बैरिकेटिंग को हटाया और शनिवार देर रात सड़क को पूरी तरह से खोल दिया गया।
दरअसल, चिल्ला बार्डर पर धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उन्होंने हमें बुलाया था। जिसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजब सिंह कसाना, प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बी.पी सिंह, जिला अध्यक्ष राजीव नागर के साथ राजनाथ सिंह की कोठी पर हम गए। वहां पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी थे। दोनों लोगों ने हमारा ज्ञापन लिया और ज्ञापन को पढ़कर उसको सही बताया। दोनों नेताओं ने कहा कि इसमें कोई समस्या ऐसी नहीं है जो दिक्कत करे। लेकिन यह ज्ञापन वह प्रधानमंत्री से मिलकर ही पूरा कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि धरना हटा दो, हम आपको 10-15 दिन में बुलाएंगे। इसके बाद फैसला लिया गया कि चिल्ला बॉर्डर से प्रदर्शन को खत्म कर दिया जाए और बॉर्डर की दोनों सड़कों को खोल दिया गया है।
बता दें कि किसान आयोग के गठन का आश्वसन मिलने के बाद किसान संतुष्ट हैं, हालांकि भाकियू (भानु) में एक धड़ ने अपना धरना जारी रखने की बात कही है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) जिलाध्यक्ष राजीव नागर ने बताया कि किसानों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। रविवार सुबह 11 बजे महापंचायत होगी, जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। किसान अपना धरना प्रदर्शन पास के ही एक पार्क में जारी रख सकते हैं। जिस जगह पर किसान धरना दे रहे थे वहां रामायण पाठ चल रहा है।
Published on:
13 Dec 2020 09:28 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
