
Greater Noida News:ग्रेटर नोएडा के अलीवर्दीपुर गांव में ईद की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गाजियाबाद से अपनी मौसी के घर त्यौहार मनाने आई आठ वर्षीय मासूम बच्ची की बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। गाजियाबाद निवासी उमर मोहम्मद, जो पेशे से मोबाइल दुकानदार हैं, उनकी पत्नी अपनी दोनों बेटियों के साथ रविवार को अपनी बहन के घर ईद मिलने आई थीं। दोपहर के समय बच्ची अपने मामा की बेटी के साथ खेलने के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी गली में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयानक हादसे में मामा की बेटी सुरक्षित बच गई, वहीं मासूम बच्ची की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सोमवार सुबह लगभग 10:45 बजे, आठ साल की छोटी बच्ची अल्फिया अपनी ममेरी बहन तूबा के साथ घर से बाहर खेलने गई थी। दोनों बच्चियां एक-दूसरे का हाथ थामे हुए सड़क के किनारे चल रही थीं। तभी करीब 20 फीट दूर खड़ी बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर चलने लगी। इससे पहले कि बच्चियां अपनी जगह से हट पातीं, वे दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गईं।
बताया गया कि ट्रैक्टर गली के किनारे बने मकान की दीवार से टकराने के बाद रुका। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग निकला। चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने आनन-फानन दोनों बच्चियां को बाहर निकाला। ट्रैक्टर के पहिया के नीचे आने से अल्फिया गंभीर घायल हो गई, जबकि तूबा बाल-बाल बची। परिजनों ने अल्फिया को आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के चाचा जाकिर ने बताया कि अल्फिया गाजियाबाद के स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लिया है। स्वजन से तहरीर लेकर आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गली में बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के आगे एक अन्य वाहन खड़ा है, जो बहुत ही धीमी रफ्तार से आगे खिसक रहा है। इसी दौरान, सामने से दो मासूम बच्चियां रास्ते के एक किनारे से आती हुई दिखाई दे रही हैं। इसी बीच रास्ते में खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक आगे बढ़ते दिख रहे हैं। जो अनियंत्रित होकर बच्चियों को चपेट में लेने के बाद आगे चल रहे वाहन और मकान की दीवार में फंस कर रुकता दिख रहा है। घटना के बाद कुछ लोग बच्चियों को निकालने के लिए भी भागते दिख रहे हैं।
Updated on:
24 Mar 2026 12:52 pm
Published on:
24 Mar 2026 12:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
