
नोएडा। सेक्टर-63 स्थित गारमेंट फैक्ट्री में गार्ड की हत्या कर लाखों की लूट करने के मामले में नोएडा पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से लूटे हुए पैसे और कई सामान भी बरामद हुए हैं। वहीं घटना का मास्टरमाइंड और कंपनी का पूर्व गार्ड पुलिस की गिरफ्त से अभी भी फरार है। जिसकी तलाश की ज रही है। पुलिस का कहना है कि पूर्व गार्ड ने ही पूरी साजिश को रचा था। जिसके बाद वहां के गार्ड की हत्या कर कंपनी में रखी गई तिजोरियों को यह बदमाश उठा कर ले गए थे।
थाना सेक्टर 58 पुलिस ने तीनों आरोपी भोला, सुनील और रंजीत को गिरफ्तार किया है जिन्होंने गत 14 जनवरी को अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सेक्टर 63 स्थित गारमेंट्स की एक्सपोर्ट कंपनी में गार्ड की हत्या कर कंपनी में रखी दो तिजोरियों पर हाथ साफ कर दिया था। जिसके बाद जांच में जुटी पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस कंपनी में पहले गार्ड की नौकरी करने वाले सत्येंद्र को कुछ दिन पहले ही कंपनी ने निकाल दिया गया था। जिसके बाद उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर गार्ड की हत्या कर यहां लूट को अंजाम दिया।
एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके नाम भोला, सुनील औऱ रंजीत है। इसके पास से बड़ी तिजोरी जो लूटी गई वह टूटी हुई बरामद हुई है। इनके पास से तीन लाख 18 हजार पांच सौ मिले है। बाकि दूसरी तिजोरी बरामद होने पर ही स्पष्ट हो पाएगा। कंपनी के मालिक के अनुसार दोनों तिजोरियों में सात लाख 44 हजार रुपये दोनों तिजोरियों में थे।
इस तिजोरी में से जो रकम बरामद नहीं हुई है उसमें से 20-30 हजार के कपड़े खऱीदे हैं। इस लूट औऱ हत्या मामले में दो लोग फरार है उनमें इसका मास्टरमाईंड सतेंद्र और पांचवा साथी अनमोल है जो कि फरार हैं। इस केस में सपना नाम की महिला का भी नाम आ रहा है जो गार्ड का काम ही करती थी। लेकिन यह जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी। गिरफ्तार किए गए लोगों की गिरफ्तारी खोड़ा कालोनी के बॉर्डर के पास से हुई है और यह सभी शहाजहांपुर के रहने वाले हैं।
Published on:
18 Jan 2018, 7:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.