
नोएडा। 25 दिसंबर को मजेंटा मेट्रो लाइन का उद्घाटन करने नोएडा आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक मामले में एसएसपी ने एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, इस मामले में अभी और भी कई बड़े अधिकारी जांच की रडार पर हैं। इन अधिकारियों की लखनऊ स्तर पर जांच चल रही है और जल्द ही कई और अधिकारी इसमें नप सकते हैं।
ऐसे हुई चूक
एमिटी यूनिवर्सिटी में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी का काफिला बॉटेनिकल गार्डन पर बने हेलीपैड पर जाने के लिए निकला। काफिले के सबसे आगे एंटी डेमो वाहन चल रहा था, जिसे नोएडा पुलिस का सिपाही जयपाल चला रहा था। साथ में सब इंस्पेक्टर दिलीप सिंह बैठे हुए थे। इस दौरान जब काफिला एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से बॉटेनिकल गार्डन की तरफ जा रहा था तो एंटी डेमो वाहन निर्धारित रास्ते से पहले आए कट से ही एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया। इसके पीछे पीछे पूरा काफिला भी गलत रास्ते पर चला गया और यहां पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने के चलते काफिला दो मिनट के लिए जाम में फंस गया।
दो उपाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी ने नोएडा के दो उपाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए एसएसपी गौतमबुद्धनगर ने पत्र लिखा है। बताया गया है कि काफिले में वॉर्निंग कार के प्रभारी डीप्टी एसपी संजीव देशवान और पायलट कार प्रभारी डीप्टी एसपी जयकरण सिंह के खिलाफ इस कार्रवाई के लिए सिफारिश की गई है।
कई और अधिकारी रडार पर
एसएसपी के पीआरओ ने बताया कि इस मामले की जांच एसपी सिटी अरूण सिंह कर रहे हैं और फिलहाल एंटी डेमो वाहन के चालक जयपाल और सब इंस्पेक्टर दिलीप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच लखनऊ स्तर पर भी चल रही है। बता दें कि काफिले की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी नितिन तिवारी को सौंपी गई थी। इस मामले में उनकी भी लापरवाही की बात सामने आ रही है। इसके साथ ही एक डीएसपी रैंक के अधिकारी की भी लापरवाही की जांच की जा रही है। इसकी जांच शासन स्तर पर की जा रही है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कई अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।
Published on:
28 Dec 2017 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
