
Noida News: नोएडा के थाना फेस 2 पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार तड़के सुबह मुठभेड़ हो गई, जिसमें 2 बदमाशों को पुलिस ने गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है। यह बदमाश लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर उनके पैसे निकालकर उनके साथ ठगी किया करते थे। इन बदमाशों के पास से अवैध हथियार और 26 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 नवंबर को थाना फेस-2 नोएडा पुलिस द्वारा सेक्टर-82 कट भंगेल पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नम्बर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार 2 व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन वह नहीं रुके और मोटरसाइकिल को तेजी से चलाते हुए भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो वह मोटरसाइकिल को मोड़कर नाले की पटरी पर भागने लगे और स्वयं को घिरता देखकर मोटरसाइकिल छोड़कर दोनो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि घायल बदमाशों की पहचान हनीफ (32) और शकील (25) निवासी जिला पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। बदमाशों के कब्जे से 2 अवैध देशी तमंचे .315 बोर, 2 खोखा कारतूस .315 बोर और 2 जिंदा कारतूस .315 बोर, 1 मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट और 26 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। घायल बदमाशों को के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो एनसीआर क्षेत्र में लोगों की मदद के बहाने धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड को बदलकर उनके पैसै निकाल लेते थे। यह बदमाश अब तक सैकड़ो वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और इन पर दर्जनों मुकदमे एनसीआर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
Updated on:
8 Nov 2024, 10:39 AM IST
Published on:
8 Nov 2024, 10:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.