22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नोएडा: रेस्तरां से घर लौट रहे छात्र की लूट के बाद हत्या

रात 11:08 बजे वह रेस्तरां से घर के लिए निकला लेकिन साढ़े ग्यारह बजे तक वह घर नहीं पहुंचा।

2 min read
Google source verification

नोएडा

image

Rajkumar Pal

Oct 18, 2017

student murder

नोएडा। धनतेरस की रात सेक्टर 71 में एक परिवार पर अचानक से मातम का कहर टूट पड़ा, जब उन्हें ये पता चला की उनके बेटे की हत्या कर दी गई है। सेक्टर 71 में ग्रेजुएशन कर रहे छात्र विवान दीक्षित की लूट के बाद बदमाशों ने हत्या कर दी। विवान की उम्र 18 साल थी। उसका शव सेक्टर 71 शनि बाजार रोड के पास पुलिस को बरामद हुआ। वहीं बदमाशों ने छात्र से स्कूटी लूटी और उसके बाद नूकीली चीज से वार कर हत्या कर दी। फिलहाल घरवालों ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों का पता लगाने में जुटी है। इस बीच परिवार का आरोप है कि जब वे लोग इस घटना से पहले अपने बेटे के गुमशुदगी की जानकारी देने गए थे। तब कोतवाली फेज तीन में मौजूद पुलिस कर्मियों ने उनकी बात को सीरियसली नहीं लिया।

पार्ट टाइम जाॅब करता था छात्र

मृतक विवान दीक्षित अपने परिवार के साथ ए 8/15 जनता फ्लैट सेक्टर 71 में रहता था। उसके पिता मनोज कुमार दीक्षित का नेटवर्किंग का कारोबार है। पिता ने बताया कि विवान बारहवीं करने के बाद इग्नू से ग्रेजुएशन कर रहा था। साथ ही वह सेक्टर 70 पॉन ओसिस सोसाइटी में एक रिश्तेदार के रेस्तरां में पार्ट टाइम काम किया करता था। इसी क्रम वह 17 अक्टूबर को धनतेरस की खरीदारी कराने के बाद वह शाम छह बजे रेस्तरां के लिए निकल गया। तभी रात 11:08 बजे वह रेस्तरां से घर के लिए निकला लेकिन साढ़े ग्यारह बजे तक वह घर नहीं पहुंचा। जिसके बाद रेस्तरां पर फोन किया गया।

वहां से जानकारी मिली कि वह निकल चुका है। उसके मोबाइल पर फोन किया गया। मोबाइल बंद जा रहा था। इससे अनहोनी की आशंका हुई। दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन किया गया। किसी को विवान के बारे में जानकारी नहीं थी। इसके बाद कोतवाली फेज तीन पुलिस से संपर्क किया गया। साथ ही अपने स्तर पर विवान की तलाश प्रारंभ हुई। रात करीब 1 बजे कोतवाली फेज तीन पुलिस को फोन आया। पुलिस ने विवान का शव सेक्टर 71 शनि बाजार रोड के पास पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि विवान की स्कूटी लूट के दौरान सिर में नुकीली चीज से वार कर हत्या की गई है। बदमाश मोबाइल तोड़कर मौके पर ही फेंक गए थे।

फुटेज के आधार पर पता लगाने में जुटी पुलिस

कोतवाली फेज तीन में विवान की बहन शालिनी ने लूट के विरोध में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। विवान का शव जहां मिला है, उसके पास ही जागृति अपार्टमेंट है। पुलिस अपार्टमेंट के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है। विवान का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया। परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

गुमशुदगी की जानकारी देने पर पुलिस ने भगाया

विवान के रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी मां पौने बारह बजे कोतवाली फेज तीन गई थी। वह बेटे के गुमशुदगी की जानकारी देने गई थी। कोतवाली फेज तीन में मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें वहां से भगा दिया और उनकी बात को सीरियस भी नहीं लिया। वहीं एसपी सिटी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने लूट के विरोध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीओ को जांच में लगाया गया है। अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा हैं।