
नोएडा पुलिस ने सड़कों पर होने वाले लूट की वारदातों को रोकने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान में कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस को उस समय एक बड़ी कामयाबी मिली जब शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान सेक्टर-29 में बाइक बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश दिल्ली से नोएडा आकर चेन और मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। इन बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूटे हुए तीन मोबाइल फोन अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद की है।
एडीसीपी नोएडा जोन-1 आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि सेक्टर-20 पुलिस सेक्टर-29 में भारद्वाज हॉस्पिटल चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया तो दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से दोनों बदमाश वहीं पस्त हो गए। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी अरुण उर्फ अनिल और आरूष उर्फ अंश के रूप में हुई है। दोनों शातिर किस्म के लुटेरे हैं। अरुण के खिलाफ 9 और आरुष के खिलाफ 16 मुकदमे दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
नोएडा में दर्जनभर से ज्यादा स्नेचिंग की वारदात
द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बदमाशों ने एक सितंबर को रजनीगंधा चौक से राहगीरों से मोबाइल स्नेचिंग की घटना के साथ-साथ नोएडा में एक दर्जन से ज्यादा मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को करने की बात स्वीकार की है। बदमाशों के पास से जो बाइक बरामद हुई है। उसे इन दोनों ने दिल्ली के गणेश नगर से चुराया था, जिसका मुकदमा दर्ज है।
साहिबाबाद के राजा को बेचते थे मोबाइल
एडीसीपी ने बताया कि मोबाइल फोन लूटने के बाद ये बदमाश उनको राजा पुत्र नवाब निवासी साहिबाबाद को बेच देते थे। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी का भी प्रयास कर रही है। इन दोनों बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूटे हुए तीन मोबाइल, दो तमंचे और एक चोरी की बाइक बरामद की है।
Published on:
04 Sept 2022 11:13 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
