
कंगोजोड़ी
संजय शेफर्ड (ट्रैवल ब्लॉगर)
हम अक्सर जब अपनी दिन-प्रतिदिन की जिंदगी से ऊब जाते हैं तो किसी ऐसी जगह पर जाना पसंद करते हैं जो बिल्कुल शांत और सुरम्य हो, जहां भीड़ कम और जीवन की आपाधापी बिल्कुल भी नहीं हो। मेरे साथ भी ऐसा होता है इसलिए मैं बड़े-बड़े शहरों की बजाय छोटी-छोटी जगहों की यात्रा करना पसंद करता हूं। कंगोजोड़ी ऐसी ही एक जगह है जहां मेरा पिछले दिनों जाना हुआ। हिमाचल प्रदेश के नाहन में कंगोजोडी जीवन की हलचल से बचने के लिए एक मनमोहक गंतव्य है। इस जगह पर जाने के लिए देश के किसी भी हिस्से से आप चंडीगढ़ पहुंच जाइए और फिर ढाई घंटे की यात्रा करके कंगोजोड़ी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से कंगोजोड़ी सिर्फ 90 किमी. की दूरी पर है, पर देश के बाकी पर्यटन स्थलों से बहुत ही ज्यादा अलग है।
यह एक ऐसी जगह है जो शांति पसंद जगहों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए कई मायने में विशेष कही जा सकती है। इस जगह की प्राकृतिक सुंदरता, देवदार के पेड़, खूबसूरत पहाड़ किसी को भी अपने सम्मोहन में बांध लेने की क्षमता रखते हैं। इस जगह पर नदी के किनारे बैठकर जिस प्रसन्नता का अनुभव होता है उसे शब्दों में बयान कर पाना मुश्किल है। ऐसा लगता है कि हम जन्नत में हैं। प्रकृति की गोद में बसी यह जगह कुछ दिन ठहरने के लिहाज से कहीं ज्यादा बेहतर है। आप यहां के खूबसूरत और खुशनुमा वातावरण में अपनी छुट्टियां बिता सकते हैं। इस जगह पर प्रकृति के बीच समय बिताने के साथ-साथ आप कई साहसिक गतिविधियों का हिस्सा भी बन सकते हैं। कंगोजोड़ी में आप कैंपिंग, ट्रैकिंग, पर्वतारोहण जैसे खेलों का भरपूर आनंद ले सकते हैं। कंगोजोड़ी सोलो ट्रैवलर्स और उन तमाम तरह के यात्रियों के बीच लोकप्रिय है जो अपने परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना चाहते हैं।
इस जगह पर घूमने-टहलने के विकल्प सीमित हैं। फिर भी कई जगहें ऐसी हैं जहां जाकर आपको अच्छा लगेगा। कैंप रोक्स एक ऐसी ही जगह है जो पर्यावरणीय रूप से सौम्य, प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ वातावरण के लिए जानी जाती है। यहां पहुंचकर मन को अद्भुत आनंद का अनुभव होता है। मन और शरीर दोनों ही इस जगह की प्राकृतिक सुंदरता को आत्मसात कर तरोताजा हो जाते हैं। कंगोजोड़ी में रहते हुए आप किंग्स क्लोफ घाटी में स्थित बर्मा ब्रिज भी जा सकते हैं। यह इस जगह के प्रमुख आकर्षणों में गिना जाता है। इस जगह पर टहलना हमें पूरी तरह से रोमांच से भर देता है।
कंगोजोड़ी एक खूबसूरत और अद्भुत शिविर स्थल है। रात भर अलाव के आसपास गायन, खाना पकाने और नृत्य का आनंद ही कुछ और है। यह जगह ट्रैकिंग और नेचर वॉक के लिए भी जानी जाती है। यहां ट्रैकिंग बाकी जगहों से काफी अलग, खूबसूरत और शोधपरक अनुभव देती है। प्रकृति के करीब रहना चाहते हैं तो कंगोजोड़ी में आप जंगली फूलों व जड़ी-बूटियों के साथ प्रवासी व स्थानीय पक्षियों को देखने का भी भरपूर आनंद उठा सकते हैं। इस जगह पर आकर हरे-भरे जंगल के चारों ओर घूमना सुखद अनुभव देता है।
हिमाचल, पर्यटन के साथ-साथ विभिन्न पर्व और त्योहारों की वजह से भी जाना जाता है। कंगोजोड़ी और आसपास के त्योहार काफी चर्चित हैं। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में आयोजित किया जाने वाला नलवारी मेला भी उन्हीं में से एक है। यह सांस्कृतिक और ऐतिहासिक मेला मवेशी व्यापार के लिए जाना जाता है।
Published on:
24 Jun 2021 11:26 am
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
