26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बात, दीपावली त्योहार का मुख्य संदेश क्या है?

पत्रिकायन में सवाल पूछा गया था। पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

2 min read
Google source verification

image

Gyan Chand Patni

Nov 03, 2021

आपकी बात,  दीपावली त्योहार का मुख्य संदेश क्या है?

आपकी बात, दीपावली त्योहार का मुख्य संदेश क्या है?

असत्य पर सत्य की विजय
भारत उत्सवों का देश है। दीपावली पर अमावस्या की काली रात का अंधेरा दीपक की रोशनी से समाप्त हो जाता है। तब ऐसा महसूस होता है कि मनुष्य भी अपनी आंतरिक नकारात्मकता का परित्याग कर सकारात्मकता की और बढ़ गया हो। यह त्योहार न सिर्फ असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है अपितु मनुष्य के आंतरिक दुर्गुणों, राग, द्वेष, ईष्र्या को समाप्त करने का संदेश भी देा है।
-एकता शर्मा, गरियाबंद, छत्तीसगढ़
...............................

प्रकाश का प्रतीक
दीपावली का त्योहार भारतीय संस्कृति का गौरव है। दीपावली रोशनी का पर्व है। दीया प्रकाश का प्रतीक है, जो तमस को दूर करता है। यही दीया रोशनी के अलावा सीख भी देता है। दीया भले ही मिट्टी का हो, मगर वह हमारा पथ प्रदर्शक बन जाता है।
- राधे सुथार, चित्तौड़गढ़
..................

बना रहे सौहार्द
भारतीय संस्कृति में त्योहारों का बड़ा महत्व है। दीपावली रोशनी का त्योहार है। हर घर में दिया जले, यह हमारा प्रयास हो। आस-पास गरीबों के घरो में भी हम जाकर दिए जलाएं। मिठाई बंटे। सामाजिक सौहार्द व सद्भाव बना रहे, यही हमारे त्योहारों का संदेश हैं ।
-लता अग्रवाल, चित्तौडग़ढ़
...................

सद्भावना का संदेश
दीपावली पर्व मर्यादा, सत्य, कर्म और सद़भावना का सन्देश देता है। सबके साथ मिलकर मिठाई खाने से आपसी प्रेम को बढ़ाने का संदेश मिलता है, तो नए कपड़ों में सजे नन्हें-नन्हें बच्चों को देख लगता है काश हम भी बच्चें होते। पटाखों और दीपों की रोशनी में नहाया वातावरण धरती पर स्वर्ग उतर आने की गवाही देता नजर आता है.
-नरपत सिंह चौहान, जैतारण
..................

सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक
दीपावली की अमावस्या का तमस नकारात्मकता का प्रतीक होता है। इस नकारात्मक वातावरण में दीपमाला की रोशनी सकारात्मक ऊर्जा का कार्य करती है। इसी प्रकार वातावरण में व्याप्त पाशविक प्रभावों को मानव सभ्यता धर्म के माध्यम से कम कर सकती हैं। अत: दीपावली अंधेरे पर विजय प्राप्त करने का त्योहार हैं।
-मनु प्रताप सिंह, चींचडौली, खेतड़ी
.....................

सभी प्रसन्न रहें
दीपावली पर्व का संदेश है कि सभी प्रसन्न रहें एवं अंधकार को समाप्त करने में अपना सहयोग करें। अशिक्षा, कुरीतियां, गरीबी, महामारी जैसी समस्याएं समाप्त करने पर ध्यान दिया जाए।
कैलाशी रामेश्वर दयाल तिवारी, सूरतगढ़ श्रीगंगानगर
..........................

खुशियां बांटने का दिन
दीपावली को असत्य पर सत्य की और अंधकार पर प्रकाश की विजय के रूप में मनाया जाता है। मनुष्य के भीतर के अंधकार में प्रकाश की बाती जलाने का संदेश देता है। यह त्योहार खुशियां बांटने का दिन है।
-सी.पी.गोदारा, ओसियां, जोधपुर
......................

स्वच्छता का ध्यान रहे
प्रति वर्ष आने वाले दीपावली त्योहार पर हम अपने घर और आसपास के परिसर को स्वच्छ करते हैं। सभी के साथ आपसी प्रेम और भाईचारे का व्यवहार रहे, यही दीपावली का मुख्य संदेश है।
-उदय बक्षी, कोटा
................

बुराइयों को त्याग दें
दीपावली का त्योहार हमें बताता है कि हमेशा अच्छाई की बुराई पर विजय होती है। इसलिए हमें जीवन पर्यन्त अच्छाई का दामन पकड़े रहना चाहिए। रावण को बुराई का प्रतीक माना गया है। जिस प्रकार हम रावण का पुतला जलाते हैं, उसी प्रकार हमें हर साल अपनी बुराइयों का भी परित्याग करना चाहिए।
-कैलाश चन्द्र मोदी, सादुलपुर, चूरु
......................

सत्य पर अडिग रहें
दीपावली का त्योहार यह संदेश देता है कि मनुष्य को हमेशा सत्य पर अडिग रहकर बुराई का अंत करना चाहिए। कठिनाइयां बहुत आएंगी, लेकिन उनसे डरना नहीं हैं । कठिनाइयों का सामना कर, उनको परास्त करना चाहिए।
-शत्रुघ्न सिंह राजावत, आदर्श नगर, गंगापुर सिटी