
Prime Volleyball League: मौजूदा चैंपियन अहमदाबाद डिफेंडर्स ने प्राइम वॉलीबॉल लीग के तीसरे सीजन में अपनी विजयी शुरुआत की है। डिफेंडर्स ने गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में मेजबान चेन्नई ब्लिट्ज को 3-0 (15-10, 15-11, 15-12) से हरा दिया। अहमदाबाद डिफेंडर्स के मुथुसामी अप्पावु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
डिफेंडर्स के लिए मुकाबले की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चेन्नई ब्लिट्ज ने लिएंड्रो जोस और कप्तान अखिन जीएस की मदद से प्वॉइंट लेना शुरू कर दिया। लेकिन कोच ड्रैगन मिहैलोविच के मार्गदर्शन के बाद अहमदाबाद की टीम ने मुकाबले में वापसी कर ली। इल्या बुराउ ने दाएं तरफ शानदार स्मैश लगाकर डेनियल मोटाज़ेदी की कमी खलने नहीं दी। ब्लिट्ज़ के पास मैक्स सेनिका की सर्विस का कोई जवाब नहीं था। साथ ही अप्रत्याशित गलतियों के कारण भी चेन्नई को पहले सेट में हार का सामना करना पड़ा।
कप्तान मुथुसामी का शानदार प्रदर्शन
अहमदाबाद के लिए कप्तान मुथुसामी अप्पावु शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, क्योंकि वह अपने सभी खिलाड़ियों को लगातार सर्व देते रहे। इससे ब्लिट्ज़ के लिए यह अनुमान लगाना मुश्किल लग रहा था कि अटैक कहां से हो रहा है। मुकाबले के बीच में अहमदाबाद की तरफ से गलतियां होनी शुरू हो गई और ब्लिट्ज़ को वापसी करने का मौका मिल गया।
सुपर पॉइंट से बंद हुए चेन्नई की वापसी के दरवाजे
मुथु की ओर से अंगामुथु को दिए गए सटीक पास ने डिफेंडर्स के लिए सुपर पॉइंट लेने का काम कर दिया और चेन्नई के लिए वापसी के दरवाजे बंद हो गए। इस बीच, लिएंड्रो ने चेन्नई के लिए प्वॉइंट लेना जारी रखा, लेकिन नंदगोपाल और अंगामुथु ने अंत तक मुकाबले पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। यहां से सीधे सेटों में शानदार जीत दर्ज करके डिफेंडर्स ने यह साबित कर दिया कि उनकी खिताबी जीत कोई तुक्का नहीं थी।
प्राइम वॉलीबॉल लीग लाइव कहां देखें
पहले दो सीजन की शानदार सफलता के बाद प्राइम वॉलीबॉल लीग का तीसरा सीज़न सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर पांच भाषाओं- अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में प्रसारित किया जा रहा है। इसके साथ ही फैंस इस टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर भी देख सकते हैं।
Updated on:
16 Feb 2024 02:23 pm
Published on:
16 Feb 2024 02:19 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
