14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विश्व इंडोर एथलेटिक्स टूर मीट में आर्मंड डुप्लांतिस ने 6.27 मीटर की छलांग लगाकर तोड़ा अपना ही वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

Armand Duplantis World Record: 2 बार के ओलंपिक चैंपियन आर्मंड डुप्लांतिस ने करियर में 11वीं बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ा है। विश्व इंडोर एथलेटिक्स टूर मीट में आर्मंड डुप्लांतिस ने 6.27 मीटर की छलांग लगाते हुए नया विश्‍व रिकॉर्ड बनाया है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Mar 02, 2025

Armand Duplantis

Armand Duplantis

Armand Duplantis World Record: स्वीडन के युवा एथलीट आर्मंड डुप्लांतिस ने 11वीं बार अपना ही विश्व रिकॉर्ड सुधारा है। 25 वर्षीय डुप्लांतिस ने क्लेरमोंट-फेरैंड में आयोजित विश्व इंडोर एथलेटिक्स टूर मीट में पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में 6.27 मीटर की छलांग के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पिछले साल अगस्त में बनाए गए अपने रिकॉर्ड मार्क में एक सेंटीमीटर तक का सुधार किया। डुप्लांतिस ने फरवरी, 2020 में पहली बार 6.17 मीटर की छलांग के साथ पहली बार विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उसके बाद उन्होंने पहले ही प्रयास में 6.27 मीटर की दूरी नाप रिकॉर्ड 11वीं बार अपने कीर्तिमान में सुधार किया।

ओलंपिक में 6.25 मीटर के साथ जीता था स्वर्ण पदक

डुप्लांतिस ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में 6.25 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद उन्होंने अगस्त में पोलैंड में अपने ही विश्व रेकॉर्ड में सुधार किया था और अब फिर से एक बार उन्‍होंने यह कमाल किया है। डुप्लांतिस ने 2020 में रेनॉड लैविल्लेनी का 6.16 मीटर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था, उसके बाद से दुनिया का कोई भी पोल वॉल्ट एथलीट इस स्वीडिश स्टार को पीछे नहीं छोड़ पाया है।

विरासत में मिली एथलेटिक्स

डुप्लांतिस को एथलेटिक्स विरासत में मिली है। उनके पिता ग्रेग डुप्लांतिस भी पोल वॉल्टर थे, जिनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5.80 मीटर था। वहीं उनकी मां हेलेना हेप्टाथलॉन और वॉलीबॉल खिलाड़ी थीं। डुप्लांतिस के दोनों बड़े भाई भी एथलीट रहे हैं। आंद्रेस ने विश्व यूथ व जूनियर विश्व चैंपियनशिप में पोल वॉल्‍ट में स्वीडन का प्रतिनिधित्व किया है, वहीं एंटोनी ने पोल वॉल्ट को छोड़कर बेसबॉल में भाग्य आजमाया।

चार साल की उम्र में शुरू की ट्रेनिंग

डुप्लांतिस जब महज चार साल के थे, तब से ही उन्होंने अपने पिता के मार्गदर्शन में पोल वॉल्ट की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। उनके पिता ने लुसियाना स्थित उनके घर के पीछे के हिस्से में पोल वॉल्ट ट्रेनिंग एरेना बनाया हुआ था, जहां वे अपने तीनों बेटों को ट्रेनिंग दिया करते थे। सात साल की उम्र में आर्मंड ने अपना पहला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। उन्होंने अंडर-10 वर्ग में 3.86 मीटर की छलांग लगाई थी।

मैं रिकॉर्ड तोड़ने ही यहां आया था

आर्मंड डुप्लांतिस नया विश्‍व रिकॉर्ड बनाने के बाद कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि एक और बार मैंने अपने प्रदर्शन में सुधार किया है। मैं यहां विश्व रिकॉर्ड तोड़ने ही आया था। मेरा रन-अप काफी अच्छा रहा, जिसकी बदौलत मुझे अच्छा जंप मिला।