नई दिल्ली।भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में शुक्रवार को मिली लगातार तीसरी जीत के बाद कहा कि वह टूर्नामेंट में आगे भी जीत की लय को बनाए रखना चाहते हैं। भारत ने ग्रुप-ए के अपने तीसरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 8-0 से करारी शिकस्त दी और इस एकतरफा जीत के साथ मौजूदा चैम्पियन भारत टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या को 51 तक ले गया। जापान के खिलाफ मंदीप सिंह और रुपिंदर पाल सिंह ने दो-दो गोल किए जबकि एसवी सुनील, आकाशदीप, दलप्रीत और विवेक सागर ने एक-एक गोल किया।