
Junior Womens Hockey World Cup 2023: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला जूनियर वर्ल्ड कप 2023 अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में कनाडा के खिलाफ 12-0 से शानदार जीत दर्ज की है। भारत के लिए मुमताज खान ने चार, अन्नू व दीपिका ने तीन-तीन और नीलम व दीपी मोनिका ने एक-एक गोल किए। भारत ने मैच की शुरुआत में ही आक्रामक रुख के साथ कनाडा पर लगातार दबाव डाला और तेजी से बढ़त हासिल की।
मैच के पहले क्वार्टर के चौथे और छठे मिनट में ही अन्नू ने पेनल्टी कॉर्नर के माध्यम से दो शुरुआती गोल दागे। भारत ने अपनी आक्रामक शैली जारी रखी और कनाडा पर दबाव बनाए रखा। भारत की पहले क्वार्टर की गति दूसरे क्वार्टर में भी जारी रही। दूसरे क्वार्टर के 21वें मिनट में दीपी मोनिका और 26वें मिनट में मुमताज खान ने एक-एक फील्ड गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी।
तीसरे क्वार्टर के अंत में भारत को 8-0 की बढ़त
भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी अपना आक्रामक रुख जारी रखा। दीपिका ने 34वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर दबदबा बनाए रखा। इसके बाद अन्नू ने 39वें मिनट में गोलकर अपनी हैट्रिक पूरी की। जबकि मुमताज खान ने 41वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके अलावा नीलम ने 45वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागते हुए तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत का स्कोर 8-0 कर दिया।
यह भी पढ़ें : वर्ल्ड कप फाइनल में हारने के बाद खूब रोए थे रोहित-विराट, अश्विन ने खोला उस रात का राज
भारत का अगला मैच जर्मनी से
भारतीय टीम की गोल करने की भूख चौथे क्वार्टर में भी जारी रही। दीपिका ने 50वें और 54वें मिनट में तो मुमताज खान ने 54वें और 60वें मिनट में गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और इस तरह भारत को कनाडा के खिलाफ 12-0 की बड़ी जीत हासिल हुई। अब भारत टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में शुक्रवार को जर्मनी से भिड़ेगा।
यह भी पढ़ें :वर्ल्ड कप 2023 के बाद बैसाखी पर आए इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, जानें क्यों
Published on:
30 Nov 2023 12:40 pm

बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
