16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मानसी-मोनिका समेत ये चार युवा भारतीय महिला पहवान लॉस एंजिलिस ओलंपिक में लहरा सकती हैं देश का परचम

युवा महिला पहलवान मानसी अहलावत, मोनिका, पुष्पा यादव और हर्षिता मोर ने अपने प्रदर्शन से मन में आस जगाई कि वे भी ओलंपिक में देश का परचम लहरा सकती हैं। आइए एक नजर डालते हैं भविष्य की इस स्टार पहलवानों पर।

2 min read
Google source verification

साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, गीता और बबीता फोगाट ने भारतीय महिला पहवानों को दुनियाभर में विशेष पहचान दिलाई है। साक्षी ने 2016 रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर कई युवा महिला पहलवानों को प्रेरित किया। पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश भले ही स्वर्ण पदक जीतने से पहले अयोग्य घोषित कर दी गईं लेकिन उनके जज्बे ने हर युवा महिला पहलवान के मन में आस जगाई कि वे भी ओलंपिक में देश का परचम लहरा सकती हैं। अब भारतीय महिला पहलवानों की अगली खेप तैयार हो रही है, जिनमें मानसी अहलावत, मोनिका, पुष्पा यादव और हर्षिता मोर ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। आइए नजर डालते हैं भविष्य की स्टार पहलवानों पर...

मानसी अहलावत

23 साल की मानसी ने हाल में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने 59 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में पांचवां स्थान हासिल किया था। उसके बाद वे लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार कर रही हैं। मानसी अभी से ओलंपिक की तैयारियों में जुट गई हैं। उम्मीद है कि वे 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर पाएंगी।

मोनिका

हरियाणा की 20 वर्षीय पहलवान मोनिका ने पिछले साल अंडर 23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 65 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता था और इस साल 68 किग्रा में लगातार दूसरा कांस्य जीता। मोनिका अंडर-20 एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक भी जीत चुकी हैं। इस उम्र में भी मानसी मैट पर अपने से सीनियर पहलवानों को पटखनी दे देती हैं, जिससे उनकी क्षमता का पता चलता है।

पुष्पा यादव

गोरखपुर की पुष्पा यादव 59 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा लेती हैं। 22 साल की युवा पहलवान ने अंडर 23 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता और सीनियर एशियन चैंपियनशिप में पांचवां स्थान हासिल किया था। पुष्पा ने लगातार तीन बार 2018, 2019 और 2020 में कैडेट नेशनल टूर्नामेंट में भी पदक जीते हैं। जिस तरह वे अपने प्रदर्शन में सुधार कर रही हैं उससे उम्मीद है कि वे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में सफल होंगी।

हर्षिता मोर

हर्षिता महज 18 साल की हैं और उन्होंने इस साल 72 किग्रा भार वर्ग में सीनियर एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। उन्होंने पिछले साल अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य और अंडर 20 व अंडर 23 एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उम्मीद जगाई है।