
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को खेलो इंडिया गेम्स के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने एक्स पर बताया कि खेलो इंडिया के पदक विजेता खिलाड़ी अब सरकारी नौकरी के पात्र होंगे। इसके लिए मानदंडों में संशोधन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने तथा खेल को आकर्षक और कॅरियर विकल्प बदलने के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। इसके लिए कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने खेल मंत्रालय के परामर्श से सरकारीनौकरी चाहने वाले खिलाड़ियों के लिए पात्रता मानदंडों में संशोधन किया है। खेलो इंडिया (युवा,विश्वविद्यालय, पैरा और शीतकालीन) के पदक विजेता खिलाड़ी अब सरकारी नौकरी के पात्र होंगे।
2018 में पहली बार हुआ था खेलो इंडिया का आयोजन
गौरतलब है कि खेलो इंडिया का पहली बार 2018 में आयोजन किया गया था। अब तक इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।
देश को बनाएंगे खेल महाशक्ति: अनुराग
खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि संशोधित नियम भारत को खेल महाशक्ति बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। खेलो इंडिया गेम्स जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने की भारत की पहल की आधारशिला है। खेलो इंडिया पहल का उद्देश्य देश में मजबूत खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करना और बढ़ावा देना है। यह वैश्विक मंच पर भविष्य के चैंपियनों को तैयार करने का ठोस आधार है।
यह भी पढ़ें : लियोनल मेसी के जीवन से जुड़ा दुनिया का सबसे फेमस 'नैपकिन' नीलामी को तैयार
Published on:
07 Mar 2024 07:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
