रियो पैरालंपिक : दीपा मलिक ने जीता रजत पदक, बनीं ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला
कमर के नीचे के हिस्से से चलने में लाचार होने के बावजूद 45 साल की भारतीय महिला पैरालंपियन दीपा मलिक ने रियो की धरती पर इतिहास रच दिया। दीपा ने शाटपुट में रजत पदक जीता और ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।
Rio Paralympics : Deepa Malik Won Silver Medal In ShotPut, First Indian Women To Won Medal
रियो डि जनेरियो।
दीपा मलिक ने रियो पैरालंपिक के शॉटपुट एफ-53 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। दीपा पैरालंपिक में पदक जीतने वालीं पहली भारतीय महिला भी बन गई हैं। दीपा ने 4.61 मीटर शाटपुट फेंकने के साथ रजत पदक जीता। जो उनके छह प्रयासों में सबसे बेहतर था।
रियो पैरालंपिक में ये भारत का तीसरा पदक है। इससे पहले ऊंची कूद में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक भारत ने जीता था। मरियप्पन थांगावेलु ने स्वर्ण और वरुण भाटी ने कांस्य जीता था।
45 वर्षीय दीपा का आधा शरीर लकवाग्रस्त है। उनका स्पाइनल ट्यूमर का इलाज भी हो चुका है। दीपा जैवेलिन थ्रो, स्वीमिंग भी करती हैं। महिला जैवेलिन थ्रो में दीपा एशियाई रिकॉर्ड धारक हैं जबकि स्वीमिंग में उनके बनाए रिकॉर्ड लिमका बुक में दर्ज हैं। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक फातेमा नेदाम ने जीता जबकि कांस्य ग्रीस की दीमित्रा को मिला।