
12 साल बाद भी नहीं चेते, फिर नौ की गई जान
पाली/देसूरी। 9 death in tanker accident : देसूरी नाल [ Desuri nal ] में हुए हादसे ने फिर से पुलिस व प्रशासनिक इंतजाम की पोल खोल दी। वर्तमान में जहां हादसा हुआ, उस पंजाब मोड़ पर खतरनाक मोड़ है। इससे कुछ ही दूरी पर चारभुजा पुलिस चौकी है। अभी रामदेवरा जातरुओं [ Ramdevara Jataru ] का सीजन है। रोजाना हजारों जातरू बाइक, टेम्पो, जीपों, बसों व ट्रकों में ओवरलोड सवार होकर जा रहे है। लेकिन पुलिस इस रास्ते पर गश्त नहीं करती। सिर्फ चौकी व नाकों पर बैठी रहती है। इसी रोड पर वर्ष 2007 में एक ट्रोला गहरी खाई में देर रात को गिर गया था। इस हादसे में 85 जनों की मौत हुई थी। इस हादसे के बाद भी देसूरी नाल घाटे में दुर्घटनाएं रोकने के लिए विशेष इंतजाम नहीं किए गए। लगातार यहां हादसे हो रहे हैं। इस देसूरी नाल के जिस तरफ गहरी खाई है, उसकी पाल जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है, राजसमंद व पाली प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता।
सडक़ सुरक्षा सप्ताह शुरू होते ही हादसा
पुलिस के लिए अब इस घाटे में हादसे रोकना चुनौती है। शुक्रवार को सडक़ सुरक्षा सप्ताह शुरू हुआ। पुलिस जगह-जगह यातायात जागरूकता के लिए कार्यक्रम कर रही थी। इस दौरान देसूरी नाल में हादसा हो गया। अब यहां हादसे रोकना पुलिस के लिए बड़ा चुनौती भरा काम हो गया है। यहां रोजाना जातरुओं के ओवरलोड वाहन गुजरते हैं, इन्हें रोकना मुश्किल है।
अब पेड़ों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर
- देसूरी नाल में रात में हादसे रोकने के लिए सडक़ किनारे पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगेंगे।
- देसूरी नाल के बीच में पुलिस चौकी पर गश्त करेंगे पुलिसकर्मी।
- देसूरी नाल के दोनों तरफ रामदेवरा जातरुओं को किया जाएगा जागरूक।
- ओवरलोड व तेज गति में चलने वाले वाहनों चालकों पर कार्रवाई।
टैंकर चालक भागा, एसिड का होता रहा रिसाव
मौके पर पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भाग गया। टैंकर से एसिड का रिसाव हो रहा था। यह टैंकर कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था, इस बारे में चारभुजा थाना पुलिस जांच कर रही है। टैंकर ब्यावर पासिंग है।
राजसमंद पुलिस के साथ मिलकर रास्ता निकालेगी पुलिस
यह हादसा खतरनाक है। देसूरी नाल का सबसे विकट मोड़ राजसमंद क्षेत्र में है। इस नाल में हादसे रोकने के लिए राजसमंद पुलिस के साथ मिलकर रास्ता निकाला जाएगा। वैसे दोनों तरफ पुलिस अलर्ट है। जातरू सीजन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। - आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक, पाली।
Published on:
24 Aug 2019 10:19 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
