
,
IMD Figures : राजस्थान में पिछले दिनों बिपरजाॅय की तूफानी बारिश ने कई जिलों को तर-बतर कर दिया और बांधों पर चली चादर देखने लोग अब तक आ रहे हैं। उधर, मौसम विभाग ने एक से 25 जून तक बारिश का आंकड़ा जारी किया है, जिससे साफ हो गया है कि राजस्थान के किस इलाके में सबसे ज्यादा पानी बरसा है और कहां बारिश का इंतजार बना हुआ है। बिपरजाॅय का कहर और मेहर दोनों ही मारवाड़ पर बरसी। तभी तो यहां 25 दिनों के भीतर रेकाॅर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है।
मारुवाड़ पर मेहर और कहर
मौसम केन्द्र के ताजा आंकड़ा पर नजर डालें तो बिपरजाॅय और पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान में जून का महीना बारिश के हिसाब से रेकाॅर्ड तोड़ रहा है। जून की बारिश ने नदी-नालों में उफान ला दिया है और कई जिलों में पेयजल की समस्या का समाधान हो गया। यहां तक की मानसून के दौरान 25 प्रतिशत बारिश का कोटा भी 25 जून तक पूरा हो चुका है। आंकड़ों पर नजर डाले तो बिपरजाॅय ने मारवाड़ पर कहर और मेहर दोनों बरसाया है। 25 जून तक सबसे ज्यादा बारिश जालोर में दर्ज की गई है। यहां सामान्य बारिश का आंकड़ा 29.1 एमएम है, जबकि वास्तविक बारिश 426.9 एमएम दर्ज की गई, जो सामान्य से 1367 प्रतिशत ज्यादा है। दूसरा नंबर पर पाली रहा है। यहां सामान्य से 968 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
अन्य जिलों की स्थिति
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सिरोही की बात करें तो यहां सामान्य से 849 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। बाड़मेर में सामान्य से 688, राजसमंद में 538, टोंक में 365, भीलवाड़ा में 244 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। उधर, झालावाड़ में माइनस 49 और प्रतापगढ़ में माइनस 45 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। सबसे कम बारिश बांसवाड़ा में हुई। यहां सामान्य से 66 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
अगले चार दिन तक भारी से अति भारी बारिश
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में अगले चार दिन तक कुछ स्थानों पर मानसून की भारी से अति भारी बारिश दर्ज होगी। राजस्थान में अजमेर, भीलवाड़ा, बासंवाड़ा, बारां, चित्तौडगढ़, डूंगरपुर, कोटा, प्रतापगढ़, टोंक और उदयपुर में चार दिन के भीतर कहां भारी तो कहीं अति भारी बारिश दर्ज होगी।
Updated on:
25 Jun 2023 07:25 pm
Published on:
25 Jun 2023 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
