
खौफ के साए में यहां के छह परिवार, भर भराकर गिरा भवन का हिस्सा
पाली। डाक विभाग की ओर से कार्मिकों के लिए रहने के लिए रामदेव रोड पीएण्डटी कॉलोनी में बनाए क्वार्टर की बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इसके बावजूद उसमें विभाग की ओर से छह परिवारों को रहने की इजाजत दी गई। इस बिल्डिंग का एक हिस्सा बुधवार को तौकते तूफान की हवा के कारण भर भराकर गिर गया। गनीमत रही उस समय उस हिस्से के पास कोई नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा होने की आशंका को नकारा नहीं जा सकता।
पीएण्डटी कॉलोनी में वर्ष 1984 में डाक विभाग के कार्मिकों को रहवास की सुविधा देने के लिए दो बिल्डिंग का निर्माण कराया गया, लेकिन गुणवत्ता बेहतर नहीं होने के कारण चंद सालों में ही ये जर्जर हो गई। आज हालात यह है कि पूरी बिल्डिंग जगह-जगह से टूट चुकी है। इसके बावजूद विभाग की ओर से छह परिवारों को इसमें रहने के लिए क्वार्टर दिए गए है। उनमें से एक चार ब्लॉक के हिस्से में देवेन्द्र नाम के कार्मिक रहते हैं। जिनके क्वार्टर में जाने वाले रास्ते का हिस्सा बुधवार को टूट गया।
आस-पड़ौस को भी खतरा
इन क्वार्टर के पास ही रहने वाले रवि चंदवानी बताते है कि बिल्डिंग पूरी तरह खस्ताहाल है। जो कभी भी गिर सकती है। इन बिल्डिंगों के गिरने पर आस-पास रहने वाले लोगों को भी खतरा है। भवनों की ऊंचाई अधिक होने से वे दूसरे मकानों व सडक़ पर भी गिर सकती है। इसके बावजूद उनको ठीक नहीं कराया जा रहा है।
बिल्डिंग के पास ही स्कूल
इन बिल्डिंगों के पास ही सरकारी विद्यालय भी है। जिसमें छोटे बच्चे पढऩे आते है। यह भवन जर्जर होने व वहां सफाई का अभाव होने के कारण जहरीले जंतू भी आते है। इसके बावजूद डाक विभाग की ओर से इस तरफ ध्यान आज तक नहीं दिया गया है। स्कूल व बिल्डिंग के बीच भी केवल एक सडक़ ही है।
एक ही परिवार रहता है
पीएण्डटी कॉलोनी में बिल्डिंग का जो हिस्सा गिरा है। इसमें एक ही परिवार रहता है। उसे भी यहां से दूसरी तरफ स्थान्तरित होने को कह दिया था, लेकिन वह किसी कारण से अभी तक नहीं जा सका। बिल्डिंग को ठीक कराने के लिए अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। -पुखराज राठौड़, डाक अधीक्षक, पाली
Published on:
20 May 2021 07:56 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
