
अग्रवाल समाज की सभा में शामिल अग्रबंधु। फोटो- पत्रिका
पाली। सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने और समाज में सादगी व संस्कारों को बढ़ावा देने की दिशा में अग्रवाल समाज ने कई अहम फैसले लिए हैं। अब समाज में विवाह और अन्य शुभ अवसरों पर भोजन में केवल 21 व्यंजन परोसे जाएंगे, जबकि मृत्यु भोज, आतिशबाजी, प्री-वेडिंग शूट और बैचलर पार्टी जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अग्रवाल पंचायत पाली की आमसभा में समाज हित और सामाजिक सुधार से जुड़े इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
यह वीडियो भी देखें
अग्रसेन वाटिका के वृंदावन परिसर में आयोजित सभा में बदलते सामाजिक परिवेश के बीच अग्रवाल समाज ने परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया। समाज में सादगीपूर्ण आयोजन, फिजूलखर्ची पर रोक और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज के प्रबुद्धजनों ने चर्चा की। अग्रवाल मंडल अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल व महिला मंडल सचिव जोली गुप्ता ने विचार रखे। समाजबंधुओं ने सुझाव दिए। पंचायत कार्यकारिणी ने सुझावों पर अमल करते हुए पंचायत अध्यक्ष सुनील गुप्ता, कमल किशोर गोयल एवं सुनील पोद्दार की मौजूदगी में कई प्रस्ताव स्वीकृत किए। आम सभा में समाज के सुरेश चंद्र गुप्ता, मदन मोहन गुप्ता, पंचायत सचिव सूरजप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीलम बंसल, उपाध्यक्ष सत्येंद्र तायल, कैलाश गुप्ता, अशोक अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं दूसरी तरफ पाली में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार विकास समिति रायपुर की ओर से स्थानीय स्वर्णकार समाज भवन में नवगठित वरिष्ठ मंडल एवं नवयुवक मंडल की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठ एवं युवा नेतृत्व को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार तथा संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लिया गया।
Updated on:
23 Jun 2026 02:39 pm
Published on:
23 Jun 2026 02:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
