
ऐसा हुआ कि हर कोई खुशी से झूम उठा
पाली. भगवान सूर्य नारायण व जोगमाया के जयकारे लगाते श्रद्धालु..., कलश धारण कर मंगल गान करती महिलाएं... बैण्ड बाजों की मधुर धुन पर नृत्य करते समाजबंधु...। कमोबेश ऐसे ही नजारे शुक्रवार को शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज की ओर से शुक्रवार सुबह निकाली गई शोभायात्रा में नजर आए। पानी दरवाजा स्थित जोगमाया मंदिर से सुबह माता को शीश नवाकर समाजबंधुओं ने जयकारों के साथ कलश व शोभायात्रा निकाली। जो पानी दरवाजा, सर्राफा बाजार, बाइसी बाजार, सोमनाथ, भैरूघाट होते हुए वापस जोगमाया मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई।
समाजबंधुओं ने खींचा रथ
शोभायात्रा में एक रथ पर भगवान सूर्य को विराजमान किया गया। उनका रथ समाजबंधुओं ने खींचा। जबकि दूसरे रथ में माता जोगमाया की प्रतिमा सजी थी। जिसके शहरवासियों ने दर्शन कर खुशहाली की कामना की। शहरवासियों ने माता जोगमाया का पूजन भी किया।
झांकियों से दिया संदेश
शोभायात्रा में 14 ट्रैक्टरों पर देवी-देवताओं के साथ अन्य झांकियां सजाई गई। जो शहरवासियों के आकर्षण का केन्द्र रही। समाजबंधुओं की ओर से नशा मुक्ति के साथ अन्य सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी सजाई। जिनको लोग निहारते रह गए।
युवाओं ने किया नृत्य
शोभायात्रा में 250 से अधिक महिलाएं व युवतियां लाल रंग की चूनड़ी पहनकर कलश धारण कर चल रही थी। महिलाओं ने माता की भक्ति से ओतप्रोत भजन गाए। वहीं पुरुषों व युवाओं ने बैण्ड बाजों व भजनों की स्वर लहरियों के बीच नृत्य कर खुशी का इजहार किया। शोभायात्रा का कई जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
शिलालेख किया अनावरण
महोत्सव में दोपहर को जोधपुर के पूर्व सांसद गजसिंह, उनकी पत्नी हेमलता, जुट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन सिद्धार्थसिंह रूपावास, राज्यपाल के सलाहकार हनुमानसिंह भाटी ने माता जोगमाया को नमन किया। इस मौके गजसिंह ने कहा कि पाली से राठौड़ वंश का पुराना नाता है। जोधपुर के राठौड़ वंश के राजा पहले पाली आए और इसके बाद जोधपुर को रियासत बनाया। मैं यहां ब्राह्मणों से आशीर्वाद लेने आया हूं। मारवाड़ी में बोलते हुए कहा कि हमें अपनी मारवाड़ी भाषा में ही बात करनी चाहिए। समाज अध्यक्ष कृष्णमुरारी शर्मा ने अतिथियों का आभार जताया। इस मौके निर्माण समिति प्रमुख बसंत जे. शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एनके शर्मा, उपाध्यक्ष हरीश शर्मा, सचिव पुष्करराज शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
भजनों पर झूमे श्रोता
महोत्सव में रात को भजन संध्या का आयेाजन किया गया। इसमें मोइनुद्दीन मनचला व रमेश माली ने माता जोगमाया और भगवान सूर्य के साथ अन्य देवी-देवताओं की भक्ति से ओतप्रोत भजन गाकर श्रोताओं को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। कई समाजबंधुओं ने भजनों पर नृत्य किया।
यह भी थे उपस्थित
महोतसव में राजेश दवेरा, एडवोकेट कमलेश दवेरा, सुरेश शर्मा, रघुवीर शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, मुरली शर्मा, मनू शर्मा, दीपक शर्मा, राजेंद्र शर्मा, कमलेश शर्मा, प्रफुल शर्मा व पुरूषोत्तम शर्मा सहित राजस्थान के अलावा देशभर से पहुंचे समाजबंधुओं ने भाग लिया।
यह होंगे कार्यक्रम
महोत्सव में शनिवार सुबह 5.30 बजे भावा गीत, सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक हवन किया जाएगा। बालाजी मंदिर के पास अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। मेहंदी कार्यक्रम सुबह 11 बज तथा लाभार्थियों का बहुमान सुबह 10.30 बजे से किया जाएगा। माता की आरती शाम 7 बजे होगी। भजन संध्या रात में होगी।
प्रतिमाओं का करेंगे अभिषेक
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन 27 जनवरी को सुबह 7.30 बजे से प्रतिमाओं का अभिषेक किया जाएगा। प्रतिमा मंत्रन्यास, शांति पौष्टिक हवन, उत्तरांग हवन, प्राण-प्रतिष्ठापन, उत्तर पूजन, बलिदान, दिकपाल पूजन, कलश स्थापन, यज्ञ पूर्णाहुति कार्यक्रम होंगे।
Updated on:
25 Jan 2019 09:40 pm
Published on:
25 Jan 2019 09:39 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
