
Weather Update Today : कार्तिक में सावन की फिजां, सर्द हवा संग रात तक बरसती रही बरखा रानी
weather update Today : पाली, जालोर व सिरोही में मौसम बदल गया। बरसात व तेज हवाओं के कारण मौसम सर्द हो गया। जालोर जिले के सायला के पास डाबली में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। वहीं तीन मवेशी भी मरे। बागोड़ा में ओले गिरे। सिरोही के माउंट आबू में भी तेज सर्दी रही। इधर, पाली जिले में ठिठुरन बढ़ गई।
पश्चिमी विक्षोभ व बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से हवाओं के साथ नमी आने के कारण प्रदेश का मौसम रविवार को पूरी तरह बदल गया। पाली, जालोर व सिरोही जिले में सुबह से बादल छाए रहे। तेज हवाएं चली। इससे सर्दी बढ़ गई। जालोर व सिरोही में सुबह से ही बरसात का दौर शुरू हो गया। जो शाम तक चलता रहा। पाली जिले में दोपहर में हवा के साथ बरसात हुई। जिससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार बरसात की गतिविधियां सोमवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में जारी रहेगी। खासकर कोटा, जयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग में बरसात की संभावना है।
कल से कमजोर होगा
मौसम विभाग की माने तो 28 नवम्बर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आने वाले नमी वाली हवाओं का तंत्र कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही कई जगहों पर कोहरा छाने की भी संभावना है।
देर रात तक रिमझिम का दौर
मौसम का मिजाज ऐसा रहा कि सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर देर रात तक चलता रहा। रात को रिमझिम बारिश होती रही, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। मौसम बदलने से दुकानदार भी जल्दी घरों को लौट गए। इधर, सड़कें भी जल्दी ही सूनी हो गई।
Weather Update Today : 28 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
पाली जिले में अधिकतम तापमान बरसात के बावजूद 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पाली शहर के साथ मारवाड़ जंक्शन, सादड़ी, गुंदोज, सेवाड़ी, सुमेरपुर व धनला आदि जगहों पर बरसात हुई। बरसात का दौर बंद होने के बाद भी जिले में सर्द हवाओं के कारण लोग ठिठुर गए।
टॉपिक एक्सपर्ट
बारिश से बेहतर जम पाएगी फसलों की जड़
यह बरसात फसलों के लिए बेहतर है। इस बरसात से फसलों की जड़े भूमि में बेहतर जमेगी तो उत्पादन भी बेहतर होगा। जिन किसानों ने अभी तक बुवाई नहीं की है, उनको अभी बुवाई नहीं करनी चाहिए। मौसम खुलने का इंतजार करना चाहिए। बरसात के साथ ओले गिरने पर नुकसान की संभावना होती है, लेकिन अभी फसल छोटी है और उसके पत्ते टूटने या खराब होने की आशंका कम है। बरसात व सर्दी के कारण जो किड़े लगने की संभावना होती है वह भी कम होती है। हालांकि बरसात बंद होने पर नमी का मौसम रहने पर किट लग सकते हैं। इसके लिए किसानों को फसलों का ख्याल रखना चाहिए।
ओमप्रकाश शर्मा, संयुक्त निदेशक, कृषि विभाग
Published on:
27 Nov 2023 11:15 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
