1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : दिनदहाड़े वृद्धा की निर्मम हत्या; लूट के लिए काटे पैर, कान व गला, गांव में दहशत

Pali Crime News: पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के कराड़ी गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी।

2 min read
Google source verification

पाली

image

kamlesh sharma

Apr 01, 2026

Pali Murder Case

मृतका प्यारी देवी। फोटो-पत्रिका नेटवर्क

पाली। जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के कराड़ी गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से महिला की हत्या कर उसके शरीर के अंग काटकर जेवरात लूट लिए। घटना की क्रूरता को देखकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार कराड़ी निवासी प्यारी देवी (65) पत्नी रामलाल सीरवी का शव गांव के तालाब में देशी बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो घटना की जानकारी पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि वृद्धा के दोनों पैर कटे हुए थे तथा कान भी काटे गए थे। गले सहित शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के गहरे निशान मिले, जिससे वारदात की निर्ममता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना पर हरकत में आया पुलिस महकमा

घटना की सूचना पर प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आया। उपखंड अधिकारी महावीरसिंह जोधा, वृताधिकारी सोजत रतनाराम देवासी, थानाधिकारी राजेंद्र खदाव तथा तहसीलदार शिवजीराम बावरी, प्रशासक भंवरलाल सरगरा सहित अन्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान भी चलाया, ताकि आरोपियों के बारे में कोई सुराग मिल सके।

लूट के इरादे की हत्या

प्रथम दृष्टया यह मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने महिला के पहने हुए जेवरात लूटने के लिए उसके पैर और कान काट दिए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। शाम को पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन भी मौके पर पहुंचीं। उनके साथ एमओबी टीम प्रभारी नन्दकिशोर ने टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच प्रारंभ की।

घटना के बाद दहशत का माहौल

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।