
AI generated photo
पाली। पंचायतीराज व्यवस्था के तहत होने वाले पंच-सरपंच चुनाव की आहट अब गांवों में साफ सुनाई देने लगी है। करीब 14 महीनों से लंबित चुनाव को लेकर ग्रामीण अंचलों में सियासी सरगर्मी शुरू हो गई है। भले ही अभी ग्राम पंचायतों में सीटों का आधिकारिक आवंटन नहीं हुआ हो, लेकिन गांवों का माहौल बता रहा है कि चुनाव दूर नहीं-बस घोषणा का इंतजार है।
चौपालों पर बैठकी हो या खेतों की मेंढ़, चाय की थड़ी हो या मोबाइल की स्क्रीन- हर जगह एक ही चर्चा गूंज रही है, “इस बार सरपंच कौन?” गांवों की चौपालों में अब खुलकर दावे ठुकने लगे हैं। कोई अपने पिछले काम गिना रहा है तो कोई भविष्य के वादों का खाका खींच रहा है। कई जगह संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रणनीति बैठकों में जुटे दिखाई दे रहे हैं।
गांवों में अब हर छोटी-बड़ी बैठक चुनावी रंग में रंगी नजर आ रही है। सामाजिक आयोजनों, मेल-मिलाप, धार्मिक कार्यक्रमों और पारिवारिक समारोहों में भी सरपंची की चर्चा आम हो चुकी है। युवा सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर पुराने विकास कार्यों की तस्वीरें साझा कर रहे हैं, तो बुजुर्ग चौपालों पर बैठकर पिछले चुनाव के समीकरणों की गणित बिठा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जो समस्याएं पूरे कार्यकाल में जस की तस बनी रहीं-टूटी सड़कें, अधूरी नालियां, सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट और बंद पड़ी रोड लाइटें-वे अब अचानक चुनावी चर्चा के केंद्र में आ गई हैं।
जिन जनप्रतिनिधियों से मिलने के लिए लोगों को पहले पंचायत के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, वे अब खुद लोगों के घर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। हर गली में मौजूदगी, हर व्यक्ति को नाम लेकर अभिवादन और समस्याएं सुनने की तत्परता-यह बदलाव ग्रामीणों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन गांवों की फिजां बता रही है कि चुनावी बयार पूरी तरह बह चुकी है। चौपालों में सरपंचाई के दावे गूंज रहे हैं, समर्थक सक्रिय हो चुके हैं और मतदाता भी मन बना रहे हैं।
पंचायत समिति------ ग्राम पंचायत
पाली-------------- 24
मारवाड़-------- 51
रानी--------- 29
रोहट---------- 32
सोजत-------------- 28
सुमेरपुर-------------- 34
बगड़ी-------------- 15
बाली-------------- 62
देसूरी-------------- 28
Published on:
20 Feb 2026 05:23 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
